पौड़ी

पौड़ी में जिलाधिकारी की अगुवाई में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े की शुरुआत

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा की शुरुआत जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अगुवाई में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुई। उन्होंने स्वयं पौड़ी नगर में स्वच्छता अभियान का नेतृत्व करते हुए आमजन को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

रैली के उपरांत जिलाधिकारी ने पौड़ी बस स्टेशन परिसर में नगर पालिका अध्यक्षा, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं और आमजन के साथ व्यापक सफाई अभियान चलाया तथा उपस्थित सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान पर्यावरण मित्रों को रेनकोट और दुकानदारों को डस्टबिन वितरित किए गए, ताकि स्वच्छता प्रयास अधिक प्रभावी और स्थायी हो सकें।

स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत जनपद में नुक्कड़ नाटक, प्रभात फेरी, पौधरोपण, जनजागरूकता रैलियां, प्रतियोगिताएं और विशेष सफाई अभियान आयोजित किए गए।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि हर नागरिक का सामूहिक अभियान है। उन्होंने कहा कि जब मोहल्ला, गांव और कस्बा स्वच्छ होगा, तभी पूरा जनपद स्वच्छ और स्वस्थ बनेगा। साथ ही यह भी कहा कि स्वच्छता केवल 15 दिन का अभियान नहीं, बल्कि हर दिन की आदत बननी चाहिए।

जिलाधिकारी ने सड़क पर घूम रहे पशुओं को लेकर लोगों से अपील की कि उन्हें सड़कों पर न छोड़ा जाए, क्योंकि इससे गंदगी के साथ दुर्घटनाओं की संभावना भी बनी रहती है। उन्होंने बताया कि मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से गौशालाओं की सूची उपलब्ध करायी जाएगी। साथ ही उन्होंने इस दिवस और पखवाड़े को पर्यावरण मित्रों को समर्पित बताया, जिनके सहयोग से जनजागरूकता बढ़ रही है।

नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि पौड़ी नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर पालिका प्रतिबद्ध है और यह पखवाड़ा जनभागीदारी से ही सफल होगा।

जनपद की सभी तहसीलों एवं विकासखंडों में भी रैलियां और स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और बाजार क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाए गए, जिनमें जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों और आमजन की व्यापक भागीदारी रही।

इन आयोजनों से जहां स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ी, वहीं लोगों में साफ-सफाई को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण भी विकसित हुआ।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, तहसीलदार दीवान सिंह राणा, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी गायत्री बिष्ट सहित अनेक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *