स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा: ग्राम पंचायत उत्तिण्डा में चला स्वच्छता अभियान
निरन्तर अभियान से स्वच्छता को बनाया जाएगा गांव की पहचान -: शिवानी बलूनी “प्रधान ग्राम पंचायत उत्तिण्डा”
द्वारीखाल। 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक पूरे देश में चल रहे स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत द्वारीखाल ब्लॉक के विभिन्न गांवों में साफ-सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत उत्तिण्डा में प्रधान शिवानी बलूनी की अगुवाई में ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता अभियान में भाग लिया।

ग्राम प्रधान शिवानी बलूनी के नेतृत्व में पिछले माह से ही निरंतर स्वच्छता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इस दौरान गांव के प्रमुख स्थलों, मुख्य रास्तों और सार्वजनिक स्थानों की पूरी तरह सफाई की जा चुकी है। अभियान के तहत ग्रामीणों ने श्रमदान कर कूड़ा-कचरा हटाया और झाड़ू लगाकर आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाया।

प्रधान शिवानी बलूनी ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल पखवाड़े तक ही नहीं बल्कि पूरे वर्ष गांव के प्रत्येक कोने को स्वच्छ बनाए रखना है। उन्होंने बताया कि साफ-सफाई से जहां वातावरण सुंदर और स्वस्थ रहता है, वहीं गांववासियों को सांप-बिच्छू और जंगली जानवरों से भी सुरक्षा मिलती है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और प्लास्टिक कचरे से बचें। स्वच्छ वातावरण से स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों में कमी आएगी और गांव की पहचान एक साफ-सुथरे और अनुशासित ग्राम पंचायत के रूप में होगी।

ग्राम पंचायत उत्तिण्डा के इस प्रयास को क्षेत्र में सराहनीय पहल माना जा रहा है, जो अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
