द्वारीखाल

स्वच्छता सेवा पखवाड़ा के तहत मैठाणा-पोगठा गांव में चला स्वच्छता अभियान

द्वारीखाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन (17 सितम्बर) से लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भूतपूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती (2 अक्टूबर) तक देशभर में स्वच्छता सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में द्वारीखाल ब्लॉक के मैठाणा-पोगठा गांव में ग्रामीणों ने मिलकर सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान चलाया।

गांव के मुख्य चौक, गलियों और सामुदायिक स्थलों पर झाड़ू लगाकर, कूड़ा एकत्रित कर साफ-सफाई की गई। ग्रामीणों का कहना था कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने घर-आंगन से लेकर आसपास के सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखे।

सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व फौजी बीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि गांव के लोगों ने स्वेच्छा से इस अभियान में भाग लिया और उत्साहपूर्वक श्रमदान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान को आगे बढ़ाने में ग्रामीण भी किसी से पीछे नहीं हैं। यह प्रयास न केवल स्वच्छता को बढ़ावा देगा बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी पर्यावरण संरक्षण और साफ-सफाई का संदेश देगा।

उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के सामूहिक प्रयासों से गांवों का वातावरण बेहतर होगा और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी कमी आएगी। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने नियमित रूप से साफ-सफाई करने और प्लास्टिक का कम से कम प्रयोग करने का संकल्प भी लिया।

मैठाणा-पोगठा के ग्रामीणों की इस पहल को क्षेत्र में एक मिसाल के रूप में देखा जा रहा है, जिससे प्रेरित होकर अन्य गांवों में भी इसी तरह के अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *