पौड़ी

जनपद की सभी तहसीलों में आयोजित हुआ तहसील दिवस, मुख्यमंत्री धामी वर्चुअल माध्यम से जुड़े

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल की सभी तहसीलों में मंगलवार को तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेशभर की तहसीलों में आयोजित कार्यक्रमों से वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता और समयबद्धता से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस जनता की समस्याओं को सुनने और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही हल करने का सशक्त मंच है, ताकि लोगों को मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

तहसील पौड़ी में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया। शेष शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस का उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है।

तहसील दिवस के दौरान पौड़ी तहसील में कुल 14 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए। वहीं, थलीसैंण तहसील में 40 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 27 का निस्तारण तत्काल किया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से क्षेत्र में जाकर जनता की समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसील दिवस को जनता और प्रशासन के बीच विश्वास का सेतु बताते हुए पारदर्शिता और उत्तरदायित्व पर जोर दिया।

इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण पुरुष, महिलाएं और बुजुर्ग अपनी समस्याओं एवं आवेदन पत्रों के साथ उपस्थित हुए। सड़क पर पेंटिंग, भू–धंसाव, जंगली जानवरों से सुरक्षा, पुश्ता मरम्मत सहित विभिन्न शिकायतें दर्ज की गईं। अधिकारियों ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए। साथ ही तहसील दिवस पर स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, तहसीलदार दीवान सिंह राणा, खंड विकास अधिकारी पौड़ी सौरभ हांडा सहित सभी तहसीलों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *