पौड़ी

जिलाधिकारी ने आपदा कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंगलवार को आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर देर रात से हो रही बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया। इसके उपरांत उन्होंने समस्त उपजिलाधिकारियों, लोनिवि, पीएमजीएसवाई, विद्युत एवं पेयजल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि बारिश से प्रभावित मोटर मार्ग, विद्युत आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए। सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में राजस्व निरीक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा किसी भी समस्या की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को देने के आदेश दिए।

राष्ट्रीय राजमार्ग, स्टेट हाईवे, पीएमजीएसवाई और ग्रामीण मार्गों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जहां भी मार्ग अवरुद्ध हैं, उन्हें समय पर खोलने की कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी अधिशासी अभियंताओं को सड़क मार्ग खुलने की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने को कहा।

उन्होंने तैनात जेसीबी मशीनों की जियो टैगिंग एवं ऑपरेटर की फोटो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। आपदा प्रबंधन अधिकारी को वुड कटर मशीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जहां स्थायी मरम्मत में समय लगे, वहां अस्थायी आपूर्ति की व्यवस्था की जाए। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि राजस्व, लोनिवि, पीएमजीएसवाई, विद्युत, पेयजल, स्वजल तथा आपदा प्रबंधन विभाग आपस में निरंतर संपर्क बनाए रखें, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्बहाली कार्यों में देरी न हो।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, पीडी स्वजल दीपक रावत, आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला सहित सभी उपजिलाधिकारी तथा अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *