पौड़ी

श्रीकोट गांव में पिंजरे में कैद हुआ गुलदार, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

पौड़ी,। गढ़वाल वन प्रभाग के अंतर्गत पोखड़ा रेंज के श्रीकोट गांव में मंगलवार सुबह एक गुलदार पिंजरे में कैद हो गया। गुलदार आदमखोर है अथवा नहीं, इसकी पुष्टि के लिए पशु चिकित्सक द्वारा आवश्यक सैंपल लिए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में श्रीकोट गांव में गुलदार के हमले से चार वर्षीय बालिका की दुःखद मृत्यु हो गई थी। जन सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन एवं वन विभाग ने त्वरित कार्यवाही की। घटना की रात को ही एसडीएम, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण की तथा वन विभाग ने गांव में तीन पिंजरे स्थापित किए।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि गुलदार की गतिविधियों पर निगरानी हेतु ड्रोन कैमरा एवं ट्रैप कैमरे स्थापित किए गए थे। साथ ही तत्काल फॉरेस्ट कंजर्वेटर एवं चीफ वाइल्डलाइफ वार्डन के माध्यम से ट्रेंकुलाइजिंग की अनुमति प्राप्त कर ट्रेंकुलाइज स्नाइपर भी तैनात किए गए थे। वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही थी तथा प्रशासन, जन सहयोग एवं वन विभाग के समन्वय से यह अभियान सफल हुआ।

डीएफओ जीवन मोहन दगाड़े ने बताया कि गुलदार घटनास्थल से लगभग 30 मीटर की दूरी पर लगाए गए पिंजरे में कैद हुआ है। उन्होंने कहा कि अब गुलदार का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा तथा उसकी उम्र और लिंग की जानकारी भी एकत्र की जा रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *