नयार घाटी फेस्टिवल की तैयारियाँ शुरू, रोमांच और संस्कृति का होगा संगम
पौड़ी। साहसिक खेलों की धरती नयार घाटी एक बार फिर रोमांच से सराबोर होने जा रही है। इस बार का फेस्टिवल न सिर्फ पर्यटकों और खिलाड़ियों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा बल्कि उत्तराखंडी संस्कृति और स्थानीय रोजगार का भी बड़ा मंच बनेगा। सोमवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में फेस्टिवल की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित हुई।

जिलाधिकारी ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव में पैराग्लाइडिंग, एंग्लिंग, साइकिलिंग, राफ्टिंग और कयाकिंग जैसी रोमांचक गतिविधियां प्रमुख आकर्षण होंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाहर से आने वाले पर्यटकों, खिलाड़ियों और साहसिक खेल प्रेमियों के लिए ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और होटलों को चिन्हित कर सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएं।
मुख्य कार्यक्रम स्थल बिलखेत में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं पैराग्लाइडिंग के लिए सुरक्षित स्थान चिन्हित किया जाएगा और सतपुली से व्यासघाट के बीच एंग्लिंग प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसके साथ ही अन्य साहसिक गतिविधियां भी आयोजन का हिस्सा रहेंगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि नयार फेस्टिवल न केवल पर्यटन को नई ऊँचाई देगा बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार और आजीविका के अवसर भी उपलब्ध कराएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने और आयोजन को यादगार बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, कोषाधिकारी अमर्त्य विक्रम सिंह, मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
