जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक संपन्न, पर्यटन परिसंपत्तियों को किराए पर देने पर बनी सहमति
पौड़ी। सोमवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद की विभिन्न पर्यटन परिसंपत्तियों के संचालन, रखरखाव और किराया निर्धारण पर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन अधिकारी को निर्देश दिए कि विकासखंड कोट के घीड़ी में स्थित दो कक्षों के विश्रामगृह, पैठाणी के रैनबसेरे तथा रथुवाढ़ाब के पर्यटक सूचना केंद्र को किराए पर दिया जाए। साथ ही सतपुली के एंग्लर हट्स की निविदा प्रक्रिया पूरी कर उसे भी किराए पर देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौड़ी, लैंसडाउन और कण्वाश्रम के समीप निर्मित मल्टीस्टोरी पार्किंग को शीघ्र उपयोग में लाया जाए तथा सतपुली पार्किंग का निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी परिसंपत्तियों का संचालन पारदर्शिता के साथ होना चाहिए और निर्धारित शुल्क नियमित रूप से समिति के खाते में जमा किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यटन परिसंपत्तियों के बेहतर प्रबंधन से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और जनपद का पर्यटन नई ऊँचाइयों पर पहुँचेगा।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने जानकारी दी कि बैठक में सतपुली स्थित हट्स एवं फिशरी सेंटर (एंग्लर्स हट्स) को पीपीपी मोड पर पुनः संचालित करने का निर्णय लिया गया। वहीं श्रीनगर के आधुनिक स्वागत केंद्र की परिसंपत्तियों के संचालन पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, कोषाधिकारी अमर्त्य विक्रम सिंह, मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
