डिफेन्स कॉलोनी में समाजसेवी द्वारा लगाई गई बैंच हटाई, नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल
कोटद्वार। डिफेन्स कॉलोनी नजीबाबाद रोड निवासी बुजुर्ग समाजसेवी विजयपाल सिंह रावत ने अपने खर्चे पर कॉलोनीवासियों के बैठने के लिए बैंच लगवाई थी, लेकिन नगर निगम ने इसे अतिक्रमण मानते हुए हटा दिया।

स्थानीय लोगों ने नगर निगम की इस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि नगर निगम कोटद्वार बाजार में फैले ठेली–रेहड़ी और दुकानदारों के अतिक्रमण पर आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाया है। बस अड्डे से लेकर गोखले मार्ग, झंडा चौक, स्टेशन रोड, नजीबाबाद चौराहा, नजीबाबाद रोड, देवी रोड और बद्रीनाथ रोड तक जगह-जगह बिजनौर और नजीबाबाद के ठेली–रेहड़ी वालों का कब्ज़ा है, जिस पर निगम की चुप्पी लोगों को खटक रही है।
जब निगम कर्मचारी बैंच हटाने पहुंचे, तो विजयपाल सिंह रावत ने कहा—
“मैंने यह बैंच सार्वजनिक सुविधा के लिए लगाई थी। इसे हटाने पर मुझे कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन शिकायत यह है कि निगम को बाजार का अतिक्रमण दिखाई नहीं देता और कॉलोनी के भीतर जनसेवा ही अतिक्रमण लगती है।”

गौरतलब है कि विजयपाल सिंह रावत लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। फौज की भर्ती के दौरान उन्होंने सैकड़ों युवाओं के रहने और खाने की व्यवस्था भी की थी। ऐसे में नगर निगम द्वारा उनकी लगाई गई बैंच को हटाना उसकी कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
