धाद संस्था ने हरेला 2025 समापन समारोह धूमधाम से मनाया
देहरादून। हरिद्वार बायपास स्थित रिस्पना पुल के निकट संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में धाद संस्था द्वारा हरेला 2025 का समापन समारोह शनिवार को बड़े उत्साह और पारंपरिक सांस्कृतिक रंग में आयोजित किया गया। इस अवसर पर शहर और गांवों से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों सहित हरेला अभियान से जुड़े कार्यकर्ता व सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद हरेला टीम के अनुभव साझा किए गए, जिसमें अभियान के दौरान गांव–गांव और शहर–शहर में हुए वृक्षारोपण, पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रमों और सामूहिक प्रयासों की झलक प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर वृक्षारोपण करने वाले और हरेला उद्यान के लिए पौधे भेंट करने वाले सहयोगियों से भी परिचय कराया गया।

समारोह में शान्ति बिंजोला एवं उनके साथियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। लोकधुनों पर आधारित प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और कार्यक्रम को और जीवंत बना दिया।

धाद संस्था के अध्यक्ष लोकेश नवानी ने अपने संबोधन में कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर और पर्यावरण संरक्षण का अभियान है। इस आयोजन का उद्देश्य हरियाली और जीवन के प्रति सामूहिक चेतना को मजबूत करना है।

कार्यक्रम का संचालन हिमांशु आहूजा ने सहज और ऊर्जावान अंदाज में किया। समापन पर सभी उपस्थित जनों ने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
