राजकीय शिक्षक संगठन की मांग को मिला उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा का समर्थन
रुद्रप्रयाग। राजकीय शिक्षक संगठन की पदोन्नति और स्थानांतरण संबंधी मांगों को उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा का समर्थन मिल गया है। मोर्चा के महासचिव एवं मूल निवास भू-क़ानून संघर्ष समिति के संस्थापक संयोजक मोहित डिमरी ने मंगलवार को रुद्रप्रयाग में मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में धरना दे रहे शिक्षकों से मुलाकात कर उनके आंदोलन को समर्थन दिया।

इस दौरान मोहित डिमरी ने कहा कि “शिक्षक किसी भी समाज की रीढ़ होते हैं। उनकी उचित पदोन्नति और पारदर्शी स्थानांतरण नीति शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता सुधारने में अहम भूमिका निभाती है।” उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से शिक्षक पदोन्नति और स्थानांतरण से जुड़ी समस्याओं को सरकार गंभीरता से नहीं ले रही है, जिससे शिक्षक वर्ग में व्यापक असंतोष व्याप्त है।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द पारदर्शी एवं न्यायसंगत स्थानांतरण नीति लागू की जाए और योग्य शिक्षकों को समय पर पदोन्नति दी जाए। डिमरी ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा शिक्षकों के साथ खड़ा है और उनकी मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
स्थानीय शिक्षकों ने मोहित डिमरी के इस समर्थन का स्वागत किया और कहा कि इससे उनकी आवाज़ और अधिक बुलंद होगी।
