उत्तराखंडपौड़ी

नई दिल्ली में मिला 14 वर्षीय बालक, खुद को पौड़ी गढ़वाल का निवासी बता रहा

जनपदवासियों से पहचान में सहयोग की अपील

पौड़ी। जिला प्रशासन पौड़ी गढ़वाल ने एक 14 वर्षीय बालक की पहचान में सहयोग के लिए जनपदवासियों से अपील की है। रोहित नाम का यह बालक, पिता का नाम विक्की सैवियो बताते हुए स्वयं को थलीसैंण क्षेत्र, पौड़ी गढ़वाल का निवासी बता रहा है। वर्तमान में वह नशा मुक्ति केंद्र, दरियागंज, नई दिल्ली में रह रहा है, लेकिन उसे अपने घर का पूरा पता याद नहीं है।

सूचना मिलते ही जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति, चाइल्ड हेल्पलाइन पौड़ी और अन्य विभागों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू की। बालक के संबंध में जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम, आपदा प्रबंधन विभाग, सीडीपीओ कार्यालय और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भी भेजी गई है।

जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि बालक की पहचान और पुनर्वास के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति इस बालक या उसके परिवार के बारे में जानकारी रखता है, तो तत्काल 9599877551, चाइल्ड हेल्पलाइन: 1098, या चाइल्डलाइन कार्यालय पौड़ी: 01368-297140 पर संपर्क करें।

जिला प्रशासन और चाइल्डलाइन टीम बालक को परिवार से मिलाने और सुरक्षित पुनर्वास सुनिश्चित करने के लिए सतत प्रयास कर रहे हैं, साथ ही बालक से अधिक जानकारी जुटाने हेतु निरंतर काउंसलिंग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *