कलगड़ी में वैली ब्रिज निर्माण सामग्री पहुंची, 15 दिन में यातायात बहाली का लक्ष्य
पौड़ी। पौड़ी जिले के पैठाणी, थलीसैंण, भरसार, बीरोंखाल और धुमाकोट क्षेत्र जल्द ही जिला मुख्यालय से सड़क मार्ग से जुड़ जाएंगे। पौड़ी-धुमाकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर कलगड़ी में आपदा से क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, धुमाकोट) वैली ब्रिज का निर्माण कर रहा है। पुल निर्माण सामग्री मौके पर पहुंचने लगी है और 15 दिन में यातायात बहाल करने का लक्ष्य रखा गया है।

विगत 06 अगस्त की सुबह भारी बारिश से पाबौ से 10 किमी आगे स्थित 1970 के दशक का मोटर पुल ध्वस्त हो गया था, जिससे थलीसैंण, बीरोंखाल, धुमाकोट और कुमाऊं मंडल के रामनगर से संपर्क कट गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने तुरंत पुल निर्माण कार्य शुरू करने के आदेश दिए।
पीडब्लूडी के सहायक अभियंता प्रमोद नेगी ने बताया कि पुराने पुल की लंबाई 20 मीटर और चौड़ाई 4.25 मीटर थी, जबकि नया वैली ब्रिज 45 मीटर लंबा होगा। स्थल पर 25 मीटर सड़क भी बह गई थी, जिसके कारण पुल का स्पान बढ़ाना पड़ा। पुल सामग्री 13 ट्रकों में दोनों ओर से मंगाई जा रही है और कल तक पूरी सामग्री पहुंचने की संभावना है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सामग्री पहुंचते ही पुल जोड़ने का कार्य तुरंत प्रारंभ किया जाएगा, ताकि निर्धारित समय में यातायात बहाल हो सके।
