जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत पदों के निर्वाचन हेतु मतदान व मतगणना प्रशिक्षण सम्पन्न
जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत पदों के निर्वाचन हेतु मतदान व मतगणना प्रशिक्षण सम्पन्न
पौड़ी। जिला पंचायत अध्यक्ष/उपाध्यक्ष एवं क्षेत्र पंचायत प्रमुख, ज्येष्ठ उप प्रमुख और कनिष्ठ उप प्रमुख पदों के निर्वाचन को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए शुक्रवार को विकास भवन सभागार में मतदान एवं मतगणना संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी एवं उप निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गिरीश गुणवंत ने बताया कि प्रशिक्षण में निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों, रिटर्निंग अधिकारियों, सहायक रिटर्निंग अधिकारियों और मतगणना कर्मियों को नामांकन से लेकर परिणाम घोषणा तक की संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें नामांकन पत्र भरने की विधि, प्रस्तावक व अनुमोदक की पात्रता, मतदाता सूची निर्माण, एकल संक्रमणीय पद्धति के तहत मतदान प्रक्रिया, कोटे की गणना और वोट बराबरी की स्थिति में विजेता चयन जैसे विषय शामिल थे।

उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी प्रशिक्षण दीपक रावत, सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचायत ललित मोहन गोदियाल, आरओ जिला पंचायत विकेश कुमार यादव, आरओ ब्लॉक रोहित सिंह, अरविंद कुमार, अमित चौहान, खंड विकास अधिकारी जयहरीखाल रवि सैनी, पौड़ी सौरभ हांडा सहित अन्य आरओ और नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
