उत्तराखंडपौड़ी

कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने थलीसैंण ब्लॉक के आपदा प्रभावित गांवों का किया दौरा

राहत व पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

पौड़ी। थलीसैंण ब्लॉक में हाल की प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित क्षेत्रों का शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बांकुड़ा चौथान, सिलोली पुल पैठाणी, नौगांव, पज्याणा, बहेड़ी, भरीख, पाटुली, पैठाणी और कलगड़ी सहित कई गांवों में जाकर नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर संकट में नागरिकों के साथ है और प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा व आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित परिवारों को क्षति के अनुसार राहत दी जाए।

लोनिवि विभाग को नौगांव–पज्याणा सड़क को प्राथमिकता से खोलने के निर्देश दिए गए, साथ ही पेयजल, मूलभूत सुविधाएं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कलगड़ी पुल का निरीक्षण करते हुए मंत्री ने बताया कि वैली ब्रिज निर्माण सामग्री स्थल पर पहुंच चुकी है और कार्य शीघ्र शुरू होगा।

 

उन्होंने कहा कि सभी बाधित सड़कों को त्वरित गति से खोला जाए और पुनर्वास कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग करते हुए प्रभावितों को समयबद्ध सहयोग दिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *