उत्तराखंडपौड़ी

सड़क, पेयजल व विद्युत बहाली मिशन मोड पर: डीएम

पटवारियों को ज़मीनी स्तर पर क्षति आकलन के निर्देश

पौड़ी। तीन दिनों की भारी वर्षा से हुई जनहानि और विभागीय परिसंपत्तियों की क्षति के आकलन हेतु जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने शुक्रवार को संबंधित विभागों की बैठक ली। उन्होंने सड़क, पेयजल और विद्युत आपूर्ति बहाल करने के कार्य को मिशन मोड में जारी रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने लोनिवि और पीएमजीएसवाई अधिकारियों को बंद मोटर मार्गों पर यातायात सुचारु करने के लिए प्रत्येक दो घंटे में प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने और अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था में देरी न करने के निर्देश दिए। लोनिवि के अनुसार, 60 जेसीबी मशीनों से कार्य जारी है और अधिकांश मार्ग आज शाम तक अस्थायी रूप से खोल दिए जाएंगे। पीएमजीएसवाई ने बताया कि 21 जेसीबी से 25 मार्ग बहाल किए गए हैं, शेष पर कार्य चल रहा है।

जल संस्थान और जल निगम को प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्राथमिकता से सुचारु करने के निर्देश मिले। जल निगम के अनुसार, क्षतिग्रस्त 29 पंपिंग योजनाओं में से 22 बहाल हो चुकी हैं। विद्युत विभाग को भी आपूर्ति बहाली प्राथमिकता से करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग को पशु हानि, मकान व गौशाला क्षति के आकलन और राहत राशि वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। पटवारियों को प्रतिदिन गांवों का भ्रमण कर रिपोर्ट देने को कहा गया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता महिपाल सिंह रावत, जल संस्थान के प्रवीण सैनी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *