अतिवृष्टि से बाधित मार्गों की बहाली व आपदा प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों में किया गया शिफ्ट
पौड़ी। जिले में हो रही भारी वर्षा के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। पीडब्ल्यूडी विभाग की कुल 59 सड़कें 06 अगस्त की रात्रि में बंद हो गई थीं। इनमें से 25 मार्गों को यातायात हेतु खोल दिया गया है, जबकि 34 मार्गों को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
इसी प्रकार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत 56 मार्ग अवरुद्ध हैं, जिन्हें खोलने की प्रक्रिया जारी है।
इधर, तहसील चौबट्टाखाल से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार ग्राम कोटा में भूस्खलन के चलते गौशाला के समीप मलबे में दबने से 65 वर्षीय रामेश्वरी देवी पत्नी बालम सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

आपदा प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर किया गया शिफ्ट :
तहसील पौड़ी के अंतर्गत
कलुण गांव: 4 परिवारों के 19 व्यक्तियों को शिफ्ट किया गया। इनमें से 12 को राजकीय कन्या उच्च विद्यालय कलुण में तथा 7 अन्य को ग्राम सहमति के आधार पर गांव के ही परिवारों में स्थानांतरित किया गया।
कलगड़ी गांव: 4 परिवारों को उनकी सहमति पर गांव में ही उनके परिचितों के घरों में स्थानांतरित किया गया।
रैदुल गांव: 10 परिवारों के 25 में से 21 व्यक्तियों को राजकीय इंटर कॉलेज रैदुल में और शेष 4 को गांव के अन्य परिवारों के घरों में शिफ्ट किया गया।
क्यार्द गांव: 3 परिवारों को नजदीकी स्कूल में स्थानांतरित किया गया।
सैंजी गांव: कुल 37 परिवारों को सुरक्षित स्थानों में स्थानांतरित किया गया।
तहसील थलीसैंण के अंतर्गत
बांकुड़ा गांव: 4 लोगों को उपचार के उपरांत नजदीकी विद्यालय में शिफ्ट किया गया है।
प्रशासन द्वारा सभी प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा राहत एवं बचाव कार्य प्राथमिकता के आधार पर जारी हैं।

