उत्तराखंडपौड़ी

सैंजी गांव में आपदा प्रभावितों को पूर्ति विभाग ने वितरित किए ड्राई राशन के पैकेट

पौड़ी। तहसील पौड़ी के अंतर्गत आपदा से प्रभावित सैंजी गांव में राहत कार्यों के तहत पूर्ति विभाग द्वारा प्रभावित परिवारों को ड्राई राशन के पैकेट वितरित किए गए। विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर दो दर्जन से अधिक प्रभावितों को खाद्यान्न सामग्री उपलब्ध कराई।

लगातार भारी वर्षा और भूस्खलन के कारण सैंजी गांव में जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई परिवारों को अस्थायी रूप से अन्यत्र शिफ्ट किया गया है। प्रशासन के निर्देशानुसार आवश्यक राहत कार्य जारी हैं और प्रभावितों को खाद्य सामग्री सहित अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

पूर्ति विभाग द्वारा वितरित सामग्री में चावल, दाल, आटा, नमक, मसाले एवं आवश्यक दैनिक उपभोग की वस्तुएं शामिल थीं, जिन्हें टीम ने घर-घर जाकर या निर्धारित राहत स्थलों पर उपलब्ध कराया।

जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जरूरतमंदों को लगातार सहायता पहुंचाई जाती रहेगी और आपदा की इस घड़ी में सरकार एवं प्रशासन पूरी तरह साथ खड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *