दर्दनाक हादसा: कोटद्वार में पहाड़ी से टूटी चट्टान, मैक्स पर गिरने से दो की मौत, छह घायल
कोटद्वार क्षेत्र में पिछले 10 घंटों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। नदी-नाले उफान पर हैं और जगह-जगह सड़कों पर मलबा गिरने की घटनाएं हो रही हैं। सोमवार को एक बड़ा हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग 534 पर कोटद्वार के सिद्धबली मंदिर के पास घटित हुआ, जब अचानक पहाड़ से एक भारी चट्टान टूटकर सड़क पर चल रही एक मैक्स वाहन पर गिर गई।

इस दुर्घटना में मैक्स सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल व्यक्तियों को तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस और SDRF की टीम द्वारा रेस्क्यू कर कोटद्वार के बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, यह मैक्स वाहन रिखणीखाल ब्लॉक के किलबौखाल से कोटद्वार की ओर आ रही थी। अचानक सिद्धबली मंदिर के निकट भारी बारिश के चलते ऊपर से एक विशाल चट्टान सीधे वाहन पर गिर पड़ी, जिससे यह भयावह हादसा हुआ।
प्रशासन और पुलिस की अपील:
भारी बारिश के दौरान पहाड़ी मार्गों पर सफर करने से बचें
अनावश्यक यात्रा से परहेज करें
किसी भी आपात स्थिति में 112 या स्थानीय आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें
