भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुआ सीसी मार्ग, बिजली पोल गिरने की आशंका, 11 हजार वोल्ट की लाइन पर मंडरा रहा खतरा
पौड़ी/यमकेश्वर। यमकेश्वर ब्लॉक के ग्राम परंदा में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते सीसी मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। मार्ग की हालत इतनी खराब हो गई है कि सड़क किनारे लगे विद्युत पोल की नींव पूरी तरह से ढीली पड़ चुकी है और वह कभी भी गिर सकता है। इस पोल के गिरने से 11 हजार वोल्ट की हाई टेंशन लाइन को भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, यह पोल कई आवासीय मकानों के बेहद करीब स्थित है और यदि समय रहते कार्यवाही नहीं हुई तो जान-माल की बड़ी हानि हो सकती है। गांववासियों में इस स्थिति को लेकर भय और आक्रोश दोनों देखा जा रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि जिस सीसी मार्ग का निर्माण किया गया था, उसकी गुणवत्ता अत्यंत घटिया रही है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले संबंधित विभाग और अधिकारियों की जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
ग्रामीणों की मांग:
पोल को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए
11 हजार वोल्ट की लाइन को सुरक्षित किया जाए
घटिया निर्माण की उच्चस्तरीय जांच हो
जिम्मेदार विभाग व ठेकेदार पर कार्रवाई हो
