शिक्षा की गुणवत्ता सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
📍 पौड़ी, 03 जुलाई 2025 | जिला सूचना कार्यालय
जनपद पौड़ी में शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के उद्देश्य से कलस्टर विद्यालय योजना लागू की जा रही है। मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री नागेंद्र बर्तवाल ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत उच्च प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों को एक समूह के रूप में जोड़ा जाएगा, जिससे संसाधनों का संयुक्त उपयोग कर छात्रों को बेहतर शिक्षा मिल सके।

हर कलस्टर में एक “केन्द्र विद्यालय” निर्धारित किया जाएगा, जहाँ समीपवर्ती विद्यालयों के छात्र अध्ययन करेंगे। विद्यार्थियों के आने-जाने के लिए यात्रा व्यय की व्यवस्था भी की जाएगी। शिक्षकों को नियमित कार्यशालाओं के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा और विद्यार्थियों के लिए विज्ञान प्रदर्शनियां, खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जनपद में पहले चयनित 79 विद्यालयों की समीक्षा के बाद 54 विद्यालयों को कलस्टर के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय अपर निदेशक, माध्यमिक शिक्षा, गढ़वाल मंडल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया, जिसमें सभी खंड शिक्षा अधिकारी शामिल हुए।
यह योजना संसाधनों के बेहतर उपयोग और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
