उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी कलम सिंह राणा ने उमरोली से किया नामांकन का ऐलान
*क्षेत्रीय विचारधारा के प्रबल समर्थक हैं कमलसिंह राणा*
यमकेश्वर। जिला पंचायत चुनावों की सरगर्मियों के बीच पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर उमरोली जिला पंचायत क्षेत्र से उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी कलम सिंह राणा ने चुनावी मैदान में उतरने की औपचारिक घोषणा कर दी है। उनकी उम्मीदवारी से चुनावी समीकरणों में नया मोड़ आ गया है।
![]()
कलम सिंह राणा छात्र जीवन से ही सामाजिक गतिविधियों और उत्तराखंड पृथक राज्य आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे क्षेत्रीय विचारधारा के कट्टर समर्थक माने जाते हैं। राणा गंगा सलाण रक्षा समिति के माध्यम से राजाजी राष्ट्रीय पार्क की सीमाओं से लगते गांवों को हो रही परेशानियों के विरोध में लगातार आवाज उठाते रहे हैं।
जल, जंगल, जमीन और जनता के अधिकारों के लिए राणा लंबे समय से संघर्षरत हैं। क्षेत्रीय विकास से जुड़े बीन नदी पुल, कौड़िया–किमसार मोटर मार्ग जैसे अनेक मुद्दों पर वे लगातार मुखर रहते हैं और जनजागरूकता अभियान चलाते रहे हैं।
उनके चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला रोचक हो गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राणा की जनप्रियता और क्षेत्रीय मुद्दों पर पकड़ के कारण मतों का ध्रुवीकरण संभव है।
राणा ने कहा, “यदि जनता ने मुझे सेवा का अवसर दिया, तो मैं क्षेत्रीय मुद्दों के समाधान को प्राथमिकता दूंगा और पारदर्शिता के साथ काम करूंगा।”
अब देखना होगा कि राज्य आंदोलन की पृष्ठभूमि से निकले कलम सिंह राणा जनता का विश्वास जीत पाते हैं या नहीं।
