पौड़ी

12 दिसंबर को होगी राष्ट्रीय लोक अदालत, आपसी सहमति से सुलझेंगे लंबित मामले

मोटर दुर्घटना प्रतिकर वादों के निस्तारण पर विशेष जोर, जिला जज धर्म सिंह ने बीमा कंपनियों और अधिवक्ताओं के साथ की बैठक

पौड़ी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आगामी 12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह लोक अदालत जिला न्यायालय पौड़ी सहित जनपद के सभी बाह्य न्यायालयों में आयोजित होगी। इसमें विभिन्न प्रकार के सुलह योग्य मामलों का निस्तारण आपसी सहमति और समझौते के आधार पर किया जाएगा।

राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष धर्म सिंह की अध्यक्षता में बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों और अधिवक्ताओं के साथ प्री-लोक अदालत बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित मोटर दुर्घटना प्रतिकर वादों के निस्तारण पर विस्तार से चर्चा हुई।

जिला जज ने संबंधित पक्षों के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर सुलह-समझौते के माध्यम से मामलों का शीघ्र निस्तारण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से विवादों का सरल और त्वरित समाधान संभव है।

राष्ट्रीय लोक अदालत में फौजदारी के शमनीय वाद, धन वसूली एवं लेन-देन संबंधी मामले, श्रम एवं नियोजन विवाद, वैवाहिक विवाद, किरायेदारी, दीवानी वाद, चेक अनादरण, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, विद्युत एवं जल बिल विवाद, भूमि अधिग्रहण, राजस्व वाद, उपभोक्ता आयोग में लंबित मामले और बैंकों के प्री-लिटिगेशन प्रकरणों सहित अन्य सुलह योग्य मामलों का निस्तारण किया जाएगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि वे अपने सुलह योग्य मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत कर आपसी सहमति से उनका निस्तारण कराएं। इससे कम खर्च में शीघ्र और सुलभ न्याय प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नाजिश कलीम, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कमल प्रसाद बमराड़ा, रिटेनर अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत सहित विभिन्न बीमा कंपनियों के अधिवक्ता एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *