पौड़ी

जिला चिकित्सालय पौड़ी में स्वास्थ्य सुविधाएं होंगी और मजबूत, मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार देने पर जोर

जिलाधिकारी ने विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ की बैठक, रेफरल दर कम करने और आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने पर हुई चर्चा

पौड़ी। जिला चिकित्सालय पौड़ी में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ बैठक कर अस्पताल की व्यवस्थाओं और चिकित्सा उपकरणों की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में नए उपकरणों की आवश्यकता, खराब मशीनों की मरम्मत, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और अन्य चिकित्सालयों में रेफर किए जाने वाले मरीजों की संख्या कम करने पर जोर दिया गया।

बैठक में चिकित्सकों ने पूर्व में उपलब्ध कराए गए नॉन कॉन्टेक्ट रेटिनोमीटर, ईसीजी और ओटी टेबल के लिए जिलाधिकारी का आभार जताया। चिकित्सकों ने बताया कि करीब चार माह पूर्व उपलब्ध कराए गए नॉन कॉन्टेक्ट रेटिनोमीटर से प्रतिदिन लगभग 50 मरीज लाभान्वित हो रहे हैं। इससे नेत्र रोगियों को जिला चिकित्सालय में ही जांच की सुविधा मिल रही है।

जिलाधिकारी ने विभागवार चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और उपयोगिता की जानकारी लेते हुए आवश्यक उपकरणों के प्रस्ताव प्राथमिकता से तैयार करने के निर्देश दिए। कम लागत वाले उपकरणों की खरीद जिला स्तर पर शीघ्र करने तथा अधिक लागत वाले उपकरणों के प्रस्ताव शासन को भेजने को कहा। पुराने और खराब उपकरणों की मरम्मत अथवा उन्हें बदलने की प्रक्रिया भी प्राथमिकता से पूरी करने के निर्देश दिए।

अस्पताल में बेहतर उपचार के लिए एनेस्थीसिया विभाग में एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन और पैरामॉनिटर, स्त्री रोग विभाग में ए-स्कैन मशीन, ईएनटी विभाग में इयर सर्जिकल ड्रिल, ओएई मशीन, टिम्पेनोमेट्री मशीन और एंडोस्कोपी यूनिट उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। इसके अलावा वेंटिलेटर, पोर्टेबल एक्स-रे, लैप्रोस्कोपिक मशीन, सीआर मशीन और पावर ड्रिल मशीन जैसी सुविधाएं विकसित करने पर भी विचार किया गया।

जिलाधिकारी ने खराब बायोकेमिकल एनालाइजर को ठीक कराने और फेको मशीन के स्थान पर नई मशीन उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जिला चिकित्सालय में फाइन नीडल एस्पिरेशन साइटोलॉजी (एफएनएसी) जांच की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को जांच के लिए दूसरे अस्पतालों के चक्कर न लगाने पड़ें।

ऑपरेशन थिएटर और पैथोलॉजी सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए सीएमएस को अतिरिक्त ओटी टेक्नीशियन की व्यवस्था करने तथा लैब टेक्नीशियन की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी ड्यूटी चार्ट तैयार करने को कहा गया। अस्पताल में सभी चिकित्सा एवं जांच उपकरणों का नियमित रखरखाव करने और तकनीकी खराबी आने पर तत्काल ठीक कराने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने सीएमएस को हर माह चिकित्सकों के साथ बैठक कर विभागवार आवश्यकताओं, उपकरणों की कार्यक्षमता और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करने को कहा। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए मरीजों को समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराने तथा अनावश्यक रेफरल रोकने पर जोर दिया।

बैठक में मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह, सीएमएस डॉ. एलडी सेमवाल, डॉ. हितेन जंगपांगी, डॉ. संजय त्यागी, डॉ. आनंद खंकरियाल, डॉ. रूपा, डॉ. निहारिका बिष्ट, डॉ. सोनाली जोशी, डॉ. अश्विनी चौहान, डॉ. गौरव रूंगटा, डॉ. प्रदीप चौधरी, डॉ. संदीप कुमार, डॉ. अगम कांत सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *