ऋषिकेश

परमार्थ निकेतन में श्रीमद् भागवत सप्ताह का समापन, स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने दिया प्रेम, करुणा और सेवा का संदेश

स्वामी चिदानन्द सरस्वती बोले- जीवन की वास्तविक समृद्धि धन-संपत्ति में नहीं, हृदय की पवित्रता और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता में है

ऋषिकेश। परमार्थ निकेतन में सात दिनों से आयोजित श्रीमद् भागवत सप्ताह का शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ समापन हुआ। इस अवसर पर परमार्थ पीठाधीश्वर स्वामी चिदानन्द सरस्वती और साध्वी भगवती सरस्वती का सान्निध्य एवं प्रेरणादायी उद्बोधन प्राप्त हुआ। कथा व्यास श्री भावेश दादा ने सात दिनों तक श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत की महिमा और आध्यात्मिक संदेशों से अवगत कराया।

समापन अवसर पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि श्रीमद् भागवत महापुराण जीवन को दिव्यता प्रदान करने वाला आध्यात्मिक दर्शन है। जीवन की वास्तविक उन्नति धन-संपत्ति, पद और प्रतिष्ठा में नहीं, बल्कि हृदय की पवित्रता, व्यवहार की मधुरता और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता में निहित है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन धर्म की स्थापना, निर्बलों की रक्षा, प्रेम की प्रतिष्ठा और कर्तव्य पालन का अनुपम उदाहरण है। आज के भौतिकतावादी दौर में भागवत का संदेश और अधिक प्रासंगिक हो गया है। बाहरी प्रगति के साथ आंतरिक शांति, नैतिकता और आध्यात्मिक चेतना का विकास भी आवश्यक है।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि भागवत की ज्ञानधारा मनुष्य के भीतर करुणा, संवेदना और सेवा की भावना जागृत करती है। भक्ति से अहंकार का विसर्जन, ज्ञान से अज्ञान का नाश और सेवा से जीवन ईश्वर की आराधना बन जाता है। उन्होंने जोगाणी परिवार के आयोजन की सराहना करते हुए श्रद्धालुओं से कथा के संदेशों को दैनिक जीवन में अपनाने और मानवता की सेवा को ईश्वर की सेवा मानकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

साध्वी भगवती सरस्वती ने कहा कि श्रीमद् भागवत प्रेम, भक्ति और समर्पण का वास्तविक अर्थ समझाती है। ईश्वर प्रत्येक जीव में विद्यमान हैं। जरूरतमंद के जीवन में प्रसन्नता लाना भी भगवान की सच्ची आराधना है। उन्होंने कहा कि कथा का समापन आध्यात्मिक यात्रा का अंत नहीं, बल्कि उसके दिव्य संदेशों को जीवन में आत्मसात करने की शुरुआत है। परिवार और समाज में प्रेम का विस्तार तथा प्रकृति एवं समस्त जीवों के प्रति संवेदनशीलता ही इस ज्ञानयज्ञ की वास्तविक सार्थकता है।

श्रीमती हर्षाबेन जोगाणी, श्री हेमन्तभाई जोगाणी एवं जोगाणी परिवार की ओर से श्रीमद् भागवत सप्ताह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जोगाणी परिवार ने संतों का सान्निध्य और आशीर्वाद प्राप्त कर आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *