पौड़ी

यमकेश्वर में नरेंद्र सिंह नेगी के गीतों के बीच मीरा रतूड़ी ने दिखाई चुनावी ताकत

यमकेश्वर। यमकेश्वर महादेव के प्रांगण में शुक्रवार को लोक संस्कृति, जनसमूह और राजनीतिक संदेश का संगम देखने को मिला। लोक गायक गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी की सांस्कृतिक प्रस्तुति के बहाने डॉ. मीरा रतूड़ी ने यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता का खुला प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में द्वारीखाल, यमकेश्वर और दुगड्डा ब्लॉक से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। आयोजन को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

कार्यक्रम की आयोजक डॉ. मीरा रतूड़ी, निवासी जिया दमराड़ा, एवं रतूड़ी परिवार ने सोशल मीडिया समेत विभिन्न माध्यमों से लोगों को आमंत्रित किया था। सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत नरेंद्र सिंह नेगी ने ‘गढ़भूमि वंदना जौ जस देई’ गीत से की। इसके बाद उनके लोकप्रिय पुराने और नए गीतों की ऐसी श्रृंखला चली कि पूरा प्रांगण लोकसंगीत की स्वर लहरियों में डूब गया। नेगी ने अपनी टीम के साथ शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ और मंच से दिए गए संदेशों ने इसे महज सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं रहने दिया। यमकेश्वर विधानसभा में मीरा रतूड़ी की राजनीतिक सक्रियता और आगामी चुनाव को लेकर उनकी दावेदारी चर्चा का केंद्र रही।

राजनीतिक नजरिये से कार्यक्रम को देखे जाने के सवाल पर डॉ. मीरा रतूड़ी ने स्पष्ट कहा, “मैं राजनीति से जुड़ी हूं, देखा भी जाना चाहिए।” उन्होंने भाजपा से टिकट की प्रबल दावेदार होने की बात भी खुलकर कही। उनके इस बयान के साथ ही यमकेश्वर में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उनकी दावेदारी सार्वजनिक रूप से सामने आ गई।

जनसमूह को संबोधित करते हुए मीरा रतूड़ी भावुक भी हो गईं। उन्होंने परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त करते हुए लोगों से आगे भी प्रेम, स्नेह और आशीर्वाद बनाए रखने की अपील की।

यमकेश्वर महादेव के प्रांगण में आयोजित यह कार्यक्रम सांस्कृतिक आयोजन के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। क्षेत्र में उमड़ी भीड़ और टिकट को लेकर मीरा रतूड़ी के स्पष्ट बयान ने यमकेश्वर की चुनावी चर्चाओं को अभी से गरमा दिया है। 2027 के चुनावी रण की शुरुआत यमकेश्वर महादेव के प्रांगण से होने का संदेश इस आयोजन के जरिए देने की कोशिश नजर आई।

कार्यक्रम में कांग्रेस की ओर से यमकेश्वर विधानसभा टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे विनोद डबराल की मौजूदगी भी चर्चा में रही। वहीं, भाजपा मंडल अध्यक्ष जाखणीखाल कल्याण सिंह बिष्ट भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े चेहरों की मौजूदगी ने इस आयोजन को सांस्कृतिक मंच के साथ-साथ क्षेत्रीय राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण बना दिया।

कार्यक्रम में तीनों ब्लॉकों के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य सुराड़ी अर्जुन नेगी, कविता डबराल, यमकेश्वर ब्लॉक प्रमुख सीता चौहान, हेमंत बहुखंडी सहित भाजपा के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *