अंकिता भंडारी हत्याकांड का कथित वीआईपी प्रकरण संसद में उठाने की मांग, विपक्ष की महिला सांसदों को भेजा पत्र
अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच ने सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआई जांच और कथित वीआईपी से जुड़े ऑडियो की फॉरेंसिक जांच की उठाई मांग
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में पूर्ण न्याय और कथित वीआईपी प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच ने विपक्ष की सभी महिला सांसदों को पत्र भेजा है। मंच ने सांसदों से इस मामले को संसद में प्रमुखता से उठाने, संयुक्त पहल करने और मुलाकात के लिए समय देने का अनुरोध किया है।

मंच ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में दोषियों को सजा मिलने के बावजूद कथित वीआईपी प्रकरण अब भी अनुत्तरित है। इस मामले में सत्तापक्ष से जुड़े नेताओं के नाम कथित रूप से सामने आने और उनकी भूमिका की निष्पक्ष जांच नहीं होने से न्याय व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मंच ने आरोप लगाया कि कथित वीआईपी को राजनीतिक संरक्षण दिए जाने और दुष्यंत गौतम को संवैधानिक पद पर नियुक्त किए जाने से निष्पक्ष जांच को लेकर संदेह और गहरा हुआ है।
मंच ने उत्तराखंड में महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के खिलाफ अपराधों का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले का भी उल्लेख किया। मंच के अनुसार, उत्तराखंड महिला मंच की जांच समिति ने इस घटना की जांच के बाद दुष्कर्म की पुष्टि की थी। आरोप लगाया कि जिला प्रशासन पर सरकार के दबाव में पीड़िता पर बयान बदलने का दबाव बनाया गया। मंच ने दावा किया कि पीड़िता ने हाल ही में न्यायालय में पुलिस द्वारा बयान बदलने का दबाव बनाए जाने की बात कही है। इस प्रकरण में न्यायालय की ओर से भी राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर टिप्पणी किए जाने का हवाला दिया गया।
मंच का कहना है कि प्रदेश में महिला अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर केवल घोषणाएं पर्याप्त नहीं हैं। सरकार की जवाबदेही तय करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए संसद में गंभीर चर्चा और ठोस कार्रवाई जरूरी है।
संसद में उठाने के लिए छह प्रमुख मांगें
मंच ने विपक्ष की महिला सांसदों के सामने छह प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें संसद की आगामी बैठक में अंकिता भंडारी हत्याकांड पर प्राथमिकता से चर्चा कराने और कथित वीआईपी की भूमिका तथा अब तक हुई जांच पर सरकार से जवाब मांगना शामिल है।
मंच ने पूरे हत्याकांड की सीबीआई जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी मौजूदा न्यायाधीश की निगरानी में कराने की मांग की है। साथ ही जांच अंकिता के परिवार की मूल शिकायत, उनके सवालों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर करने की बात कही है।
इसके अलावा कथित वीआईपी की पहचान से जुड़े ऑडियो की फॉरेंसिक जांच कराने, उसमें सामने आए दावों और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल करने की मांग की गई है। मंच ने दुष्यंत गौतम और अजय कुमार को उनके वर्तमान पदों से हटाने तथा पूरे प्रकरण में उनकी भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी रखी है।
मंच ने श्रीमती उर्मिला सनावर के खिलाफ हुई कानूनी कार्रवाई की निष्पक्षता सुनिश्चित करने और सभी पक्षों को बिना दबाव अपना पक्ष रखने का अवसर देने की बात कही है। इसके साथ ही महिला एवं बाल तस्करी, बच्चियों के शोषण और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर संसद में गंभीर चर्चा कराने की मांग की है।
मंच ने कहा कि महिलाओं को केवल राजनीतिक प्रतिनिधित्व और आरक्षण ही नहीं, बल्कि न्याय और सुरक्षा की भी आवश्यकता है। अंकिता भंडारी हत्याकांड केवल उत्तराखंड का मामला नहीं, बल्कि देश में महिला सुरक्षा, न्याय व्यवस्था की निष्पक्षता और सत्ता के प्रभाव से जुड़े गंभीर सवालों का विषय है।
अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच ने कहा कि वह जल्द ही विपक्ष की महिला सांसदों से मुलाकात कर अंकिता को न्याय दिलाने और कथित वीआईपी प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग को संसद में एकजुट होकर उठाने का आग्रह करेगा।

