पौड़ी

बाल विवाह के खिलाफ पौड़ी में निकली जागरूकता रैली, बाल विवाह मुक्त भारत का दिया संदेश

अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने ली बाल विवाह उन्मूलन की शपथ, समाज से कुरीति समाप्त करने की अपील

पौड़ी। बाल विवाह और जबरन विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ शुक्रवार को पौड़ी में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। विकास भवन परिसर से शुरू हुई रैली के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने का संदेश दिया गया।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी रमेश चंद और जिला कार्यक्रम अधिकारी महबूब खान ने रैली में शामिल अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं को बाल विवाह उन्मूलन की शपथ दिलाई। इसके बाद जिला विकास अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

रैली में मिशन शक्ति, वन स्टॉप सेंटर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। पराज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। प्रतिभागियों ने समाज के प्रत्येक वर्ग से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने और बच्चों के सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य के लिए आगे आने की अपील की।

इस अवसर पर बाल विकास कार्यालय से विकास बहुगुणा, पिंकी नेगी, बीना रावत, मानसी रावत और सविता नेगी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *