पौड़ी

संविधान के मूल्यों और महिला अधिकारों के प्रति जागरूक रहें युवा : नाज़िश कलीम

बीजीआर परिसर पौड़ी में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित

पौड़ी। संविधान दिवस एवं महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस पर गुरुवार को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बीजीआर परिसर पौड़ी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों, मौलिक अधिकारों, कानूनी सहायता तथा महिलाओं के कानूनी एवं संवैधानिक अधिकारों की जानकारी दी गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज नाज़िश कलीम ने कहा कि संविधान लोकतंत्र की आधारशिला है, जो प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने युवाओं से संविधान के आदर्शों और मौलिक कर्तव्यों को जीवन में अपनाकर जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि पात्र लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।

उन्होंने महिलाओं के विरुद्ध हिंसा, घरेलू हिंसा और लैंगिक भेदभाव जैसी समस्याओं पर चिंता जताते हुए कहा कि इनके उन्मूलन के लिए समाज में जागरूकता और समानता की भावना विकसित करना जरूरी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से महिला अधिकारों के प्रति स्वयं जागरूक रहने और समाज में भी जागरूकता फैलाने की अपील की।

शिविर के दौरान आयोजित निबंध प्रतियोगिता में खुशबू भट्ट ने प्रथम, शिवम नेगी ने द्वितीय और निशांत गोदियाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में सुरभि थपलियाल प्रथम रहीं। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर रिटेनर अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत, विधि विभागाध्यक्ष रामप्रकाश, सहायक प्राध्यापक पंकज कार्की, सोना धंगार सहित विधि विभाग के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *