ऋषिकेश

संविधान के आदर्शों को अपनाना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि : स्वामी चिदानन्द सरस्वती

संविधान दिवस पर परमार्थ निकेतन से दिया एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा का संदेश, 26/11 मुंबई आतंकी हमले के शहीदों को किया नमन

ऋषिकेश। संविधान दिवस के अवसर पर परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए संविधान के मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र निर्माण का संकल्प है।

26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमलों की 18वीं बरसी पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने शहीद पुलिस अधिकारियों, सुरक्षाकर्मियों और निर्दोष नागरिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि संविधान के आदर्शों को जीवन में अपनाना और राष्ट्र की सुरक्षा, एकता एवं अखंडता के लिए समर्पित रहना ही वीर बलिदानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि 26 नवंबर का दिन देश को दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्वों की याद दिलाता है। एक ओर यह दिन संविधान निर्माताओं के दूरदर्शी चिंतन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, वहीं दूसरी ओर देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों के बलिदान को स्मरण करने का दिन भी है। संविधान नागरिकों को अधिकार प्रदान करता है और देश के सुरक्षा प्रहरी उन अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करते हैं।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती केवल संसद और विधानसभाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों के दैनिक व्यवहार से भी तय होती है। परिवार, विद्यालय, कार्यस्थल और समाज में न्याय, समानता तथा सम्मान की भावना स्थापित करना जरूरी है। जाति, भाषा, क्षेत्र, धर्म और आर्थिक स्थिति के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं करना ही संविधान के प्रति वास्तविक निष्ठा है।

मुंबई आतंकी हमले को देश के इतिहास की अत्यंत पीड़ादायक घटनाओं में से एक बताते हुए उन्होंने कहा कि इस हमले में मुंबई पुलिस के अधिकारियों, जवानों, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के कमांडो और अनेक निर्दोष नागरिकों ने अपने प्राण गंवाए। आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष में सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा का परिचय दिया।

उन्होंने कहा कि आज समाज के सामने सामाजिक भेदभाव, भ्रष्टाचार, हिंसा, पर्यावरणीय संकट और आपसी वैमनस्य जैसी अनेक चुनौतियां हैं। इनका समाधान संवैधानिक मूल्यों को अपनाकर ही संभव है।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने देशवासियों से संविधान दिवस पर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखते हुए राष्ट्र की सुरक्षा, शांति, एकता और सामाजिक समरसता के लिए समर्पित रहना ही संविधान का सच्चा सम्मान और समर्थ भारत के निर्माण की वास्तविक साधना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *