देहरादून

राज्यपाल से मिले श्रीमती मंजीरा देवी विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि, रोजगारपरक शिक्षा और पलायन रोकने पर जोर

स्थानीय संसाधनों, जैविक खेती और पारंपरिक पर्वतीय अनाजों से रोजगार के अवसर विकसित करने पर राज्यपाल ने दिया जोर

देहरादून। श्रीमती मंजीरा देवी विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को उत्तराखंड के राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन से सौजन्य भेंट की। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, कौशल विकास, रोजगारपरक शिक्षा और युवाओं के पलायन को रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर विकसित करने पर चर्चा हुई।

प्रतिनिधिमंडल में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. हरिशंकर नौटियाल, कुलपति डॉ. भगवन नौटियाल और कुलसचिव डॉ. ओम नारायण तिवारी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को उत्तरकाशी के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्र हितानु धनारी में स्थित विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों, भावी योजनाओं और विभिन्न नवाचारों से अवगत कराया।

प्रतिनिधियों ने बताया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के साथ तकनीकी, वैज्ञानिक, व्यावसायिक एवं रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराना है। शिक्षा को स्थानीय जरूरतों से जोड़कर युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर तैयार करने तथा पलायन पर अंकुश लगाने की दिशा में विश्वविद्यालय कार्य कर रहा है।

राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन ने विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के सतत विकास के लिए शिक्षा को स्थानीय संसाधनों और अर्थव्यवस्था से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने जैविक खेती तथा पारंपरिक पर्वतीय अनाजों से उत्पाद तैयार करने और उन्हें बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय कृषि, पारंपरिक ज्ञान, कौशल विकास और आधुनिक शिक्षा के समन्वय से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं।

राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के नवाचार एवं क्षेत्रीय विकास से जुड़े प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वविद्यालय भ्रमण के लिए सहमति भी प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने कुलसचिव डॉ. ओम नारायण तिवारी की महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय, कटनी, जबलपुर (मध्य प्रदेश) के कुलपति पद पर नियुक्ति पर हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।

प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से पर्वतीय क्षेत्र में उच्च शिक्षा, नवाचार, कौशल विकास, स्थानीय संसाधनों के संरक्षण और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को नई दिशा मिलेगी। विश्वविद्यालय शिक्षा को केवल डिग्री तक सीमित न रखकर स्थानीय संस्कृति, प्रकृति, जैविक कृषि, आयुर्वेद, तकनीक, कौशल और उद्यमिता से जोड़कर समग्र विकास की दिशा में काम कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *