वासुदेव स्कूल ने जीती इंटर स्कूल कबड्डी चैंपियनशिप, शैफील्ड उपविजेता
हेरिटेज स्कूल ने हासिल किया तीसरा स्थान, दो दिवसीय प्रतियोगिता का रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन
रुड़की। शैफील्ड स्कूल रुड़की में आयोजित द्वितीय इंटर स्कूल कबड्डी चैंपियनशिप का गुरुवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में वासुदेव स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि मेजबान शैफील्ड स्कूल उपविजेता और हेरिटेज स्कूल तीसरे स्थान पर रहा।

समापन समारोह में 10 उत्तराखंड (यूके) बटालियन एनसीसी रुड़की के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एस. चक्रवर्ती मुख्य अतिथि रहे। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सूरज रोड तथा शिक्षक संजय वत्स विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में वासुदेव स्कूल, मां सरस्वती स्कूल, हेरिटेज स्कूल और शैफील्ड स्कूल की टीमों ने जगह बनाई। पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने दमखम, अनुशासन, खेल कौशल और टीम भावना का परिचय दिया। फाइनल मुकाबले में वासुदेव स्कूल के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और रणनीति के दम पर जीत हासिल की।
मुख्य अतिथि कर्नल एस. चक्रवर्ती ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, धैर्य और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। कबड्डी में शारीरिक क्षमता के साथ त्वरित निर्णय और टीम के बीच समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और आगे बढ़ने का अवसर देती हैं।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सूरज रोड ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, लक्ष्य निर्धारण और खेल भावना को प्राथमिकता देने की प्रेरणा दी। वहीं संजय वत्स ने कबड्डी को साहस, रणनीति, अनुशासन और सामूहिक प्रयास की पाठशाला बताते हुए कहा कि खेल मैदान में गिरकर फिर उठना जीवन की चुनौतियों से संघर्ष करने का संदेश देता है।
विद्यालय के निदेशक डीके शर्मा ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। चेयरमैन राहुल विश्नोई ने कहा कि खेल स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने के साथ विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को एक-दूसरे से सीखने का अवसर प्रदान करते हैं।
समापन समारोह में विजेता, उपविजेता और तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को ट्रॉफी, पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर निया मैडम, पीटीआई अभिषेक चौधरी, उदित चौधरी, उत्तम रोड, शुभम कुमार, शिवानी मैम, कादिर सर, प्राची मैम, पलक मैम सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यालयों, खिलाड़ियों, निर्णायकों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

