12 दिसंबर को होगी राष्ट्रीय लोक अदालत, आपसी सुलह-समझौते से मामलों का होगा निस्तारण
पौड़ी सहित जनपद के सभी बाह्य न्यायालयों में लगेंगी लोक अदालतें, अधिकाधिक वादों के निस्तारण को लेकर परिवहन और पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक
पौड़ी। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों पर आगामी 12 दिसंबर (शनिवार) को जिला न्यायालय पौड़ी गढ़वाल सहित जनपद के सभी बाह्य न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी। लोक अदालत में अधिकाधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में परिवहन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अधिकारियों को अधिकाधिक शमनीय वादों और प्रकरणों को चिह्नित कर राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारण के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर मामलों का त्वरित निस्तारण किया जा सकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से लोक अदालत के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग देने और अधिकाधिक प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) नाज़िश कलीम, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) मंगल सिंह, थानाध्यक्ष जयपाल सिंह नेगी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

