श्रीनगर में विधिक जागरूकता शिविर, विद्यार्थियों को बाल अधिकारों और साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
विश्व शौचालय दिवस एवं सार्वभौमिक बाल दिवस पर आयोजित शिविर में स्वच्छता, बाल संरक्षण कानूनों और नशे के दुष्प्रभावों की दी जानकारी
श्रीनगर/पौड़ी। विश्व शौचालय दिवस एवं सार्वभौमिक बाल दिवस के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शनिवार को सेंट थेरेसा कॉन्वेंट स्कूल, श्रीनगर में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, स्वच्छता, बाल संरक्षण कानूनों, नशे के दुष्प्रभावों और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज नाज़िश कलीम ने की।

सिविल जज नाज़िश कलीम ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, शौचालयों के उचित उपयोग और विद्यालय सहित आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अच्छे स्वास्थ्य और गरिमापूर्ण जीवन का आधार है। बाल अधिकारों पर चर्चा करते हुए उन्होंने शिक्षा, समानता, सुरक्षा और संरक्षण के महत्व को समझाया। साथ ही बाल श्रम, बाल विवाह और बाल तस्करी जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति सचेत किया।
उन्होंने पॉक्सो अधिनियम, 2012 और किशोर न्याय अधिनियम, 2015 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए बच्चों को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के बारे में भी समझाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण मिलना आवश्यक है।
शिविर में विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देकर इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। साइबर सुरक्षा के संबंध में साइबर बुलिंग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, अनजान लिंक और अज्ञात व्यक्तियों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। इस दौरान निःशुल्क विधिक सहायता के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 की जानकारी भी दी गई।
रिटेनर अधिवक्ता ने बच्चों के संरक्षण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए ‘बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं एवं उनके संरक्षण हेतु विधिक सेवाएं योजना, 2015’ के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत जरूरतमंद और संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं कानूनी परामर्श उपलब्ध कराया जाता है। संकटग्रस्त बच्चों की सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर विद्यालय की उप प्रधानाचार्या रेव. सिस्टर स्मिता, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अधिकार मित्र प्रियंका रॉय सहित अन्य उपस्थित रहे।

