गोंडा में पूज्य राजन जी महाराज के श्रीमुख से प्रवाहित हो रही श्रीराम कथा की ज्ञान गंगा
स्वामी चिदानन्द सरस्वती, योगऋषि स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण सहित देशभर के संतों का मिला सान्निध्य, सनातन संस्कृति और श्रीराम के आदर्शों का दिया संदेश
गोंडा (उत्तर प्रदेश)। गोपाष्टमी, श्री तुलसी विवाह एवं कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के गोंडा में भव्य श्रीराम कथा का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया जा रहा है। सुप्रसिद्ध कथाव्यास पूज्य राजन जी महाराज के श्रीमुख से प्रवाहित हो रही श्रीराम कथा की ज्ञान गंगा में श्रद्धालु भक्ति रस का आनंद ले रहे हैं। कथा के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग, करुणा, सेवा और समर्पण के संदेश जन-जन तक पहुंचाए जा रहे हैं।

इस आध्यात्मिक आयोजन में परमार्थ पीठाधीश्वर पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी महाराज, योगऋषि स्वामी रामदेव जी महाराज, आयुर्वेद शिरोमणि आचार्य बालकृष्ण जी महाराज और गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानन्द जी महाराज सहित देश के अनेक मूर्धन्य संतों एवं धर्माचार्यों का सान्निध्य प्राप्त हो रहा है।
इस अवसर पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी महाराज ने कहा कि सनातन और भारत एक-दूसरे के पूरक हैं। सनातन है तो भारत है और भारत है तो सनातन है। भारत की आत्मा सनातन में बसती है। संत-महापुरुष सदियों से सनातन के शाश्वत ज्ञान और जीवन मूल्यों के माध्यम से मानवता का मार्गदर्शन करते आ रहे हैं।
युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि आज विश्व को केवल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ही नहीं, बल्कि सनातन इंटेलिजेंस की भी आवश्यकता है। गूगल पूरी दुनिया का नक्शा दिखा सकता है, लेकिन जीवन में किसके नक्शेकदम पर चलना है और सही दिशा क्या है, इसका मार्गदर्शन महापुरुष ही कर सकते हैं। गूगल हमें जानकारी दे सकता है, लेकिन आंतरिक जुड़ाव और आत्मिक शांति का मार्ग सनातन दिखाता है।
स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को वर्तमान समय का भगीरथ बताते हुए उनकी पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के गोलोक गमन पर भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
कथाव्यास पूज्य राजन जी महाराज ने अपनी ओजस्वी और भावपूर्ण कथा शैली में भगवान श्रीराम के जीवन के विभिन्न प्रसंगों का आध्यात्मिक एवं भावनात्मक वर्णन किया। उन्होंने श्रीराम के चरित्र और आदर्शों के माध्यम से जीवन में मर्यादा, धर्म, कर्तव्य और सदाचार के महत्व को प्रस्तुत किया।
वहीं, योगऋषि स्वामी रामदेव जी महाराज ने कहा कि भारत की संत परंपरा सदैव समाज को जोड़ने, संस्कारों को संरक्षित करने और मानवता को नई दिशा देने का कार्य करती रही है। उन्होंने युवा पीढ़ी को रामायण के जीवन मूल्यों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि संस्कारवान युवा ही सशक्त, समरस और विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं। भगवान श्रीराम का जीवन युवाओं को साहस, संयम, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और आदर्शों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की प्रेरणा देता है।
श्रीराम कथा के इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, धर्मप्रेमी, युवा और मातृशक्ति शामिल होकर कथा श्रवण तथा संतों के दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। गोंडा की धरती पर संतों का पावन सान्निध्य और श्रीराम कथा का यह आयोजन सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और भारतीय जीवन मूल्यों के प्रचार-प्रसार का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।

