गृहणी से सफल उद्यमी बनीं पोखड़ा की पूजा देवी, जनरल स्टोर से कमा रहीं ₹22,500 मासिक मुनाफा
ग्रामोत्थान परियोजना के सहयोग से शुरू किया सानवी जनरल स्टोर, परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार के लिए कर रहीं प्रेरित
पौड़ी। ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में संचालित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामोत्थान परियोजना ग्रामीण क्षेत्रों में बदलाव की मिसाल बन रही हैं। विकासखंड पोखड़ा के ग्राम गडरी निवासी पूजा देवी ने परियोजना के सहयोग से अपना जनरल स्टोर स्थापित कर गृहणी से सफल उद्यमी तक का सफर तय किया है। आज वह व्यवसाय से प्रतिमाह करीब 22,500 रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित कर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं।
पूजा देवी वर्ष 2020 में जय गणेश स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं। समूह की बैठकों और आजीविका संबंधी गतिविधियों के माध्यम से उन्हें स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी मिली। इसके बाद ग्रामोत्थान परियोजना से जुड़कर उन्होंने स्वयं का व्यवसाय शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ाया।
वर्ष 2025 में ग्राम संगठन की बैठक के दौरान व्यक्तिगत उद्यम योजना की जानकारी मिलने पर पूजा देवी ने जनरल स्टोर खोलने के लिए आवेदन किया। उन्हें व्यवसाय स्थापित करने के लिए तीन लाख रुपये की वित्तीय व्यवस्था उपलब्ध कराई गई, जिसमें 1.50 लाख रुपये बैंक ऋण, 75 हजार रुपये स्वयं का अंशदान और 75 हजार रुपये ग्रामोत्थान परियोजना की सहयोग राशि शामिल थी। इस आर्थिक सहयोग से उन्होंने ‘सानवी जनरल स्टोर’ शुरू किया।
आज उनके स्टोर का मासिक कारोबार लगभग 50 हजार रुपये और वार्षिक कारोबार करीब छह लाख रुपये है। व्यवसाय से प्रतिमाह लगभग 22,500 रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त कर वह आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन चुकी हैं।
पूजा देवी अब अपने व्यवसाय का सफल संचालन करने के साथ स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। उनका यह सफर ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की प्रेरक मिसाल बन रहा है।
ग्रामोत्थान परियोजना प्रबंधक कुलदीप बिष्ट ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामोत्थान परियोजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और व्यक्तिगत उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। पूजा देवी की सफलता इस बात का उदाहरण है कि उचित मार्गदर्शन और वित्तीय सहयोग से ग्रामीण महिलाएं भी सफल उद्यमी बन सकती हैं।

