पौड़ी

पौड़ी में लोकपर्व इगास की धूम, लोकगीतों और थड़्या-चौंफला नृत्य ने बांधा समां

लोक संस्कृति के संरक्षण और नई पीढ़ी को परंपराओं से जोड़ने का दिया संदेश

पौड़ी। जिला मुख्यालय पौड़ी में शुक्रवार को पहाड़ की लोक संस्कृति, आस्था और परंपराओं से जुड़े लोकपर्व इगास को उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोकगीतों और पारंपरिक लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। कार्यक्रम के माध्यम से लोक संस्कृति के संरक्षण और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में जय गढ़ गोरिल, जागृत समिति और जय गढ़ कंडोलिया सांस्कृतिक दलों ने लोकगीतों एवं पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुतियां दीं। लोकनायक माधो सिंह भंडारी के लोकगीतों की धुन पर कलाकारों ने थड़्या और चौंफला नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान ने जनपदवासियों को इगास पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इगास हमारी लोक संस्कृति, आस्था और पारंपरिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा है। इस पर्व की परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना भी जरूरी है। इसके लिए युवाओं को पारंपरिक त्योहारों और सांस्कृतिक आयोजनों से जोड़ने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय महिलाओं ने कहा कि इगास पर्व पहाड़ की लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस मौके पर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार, सभासद अरविंद रावत, संस्कृतिकर्मी मनोज रावत अंजुल, केशर सिंह असवाल, बकुल रावत, संस्कृति विभाग से सरिता सिंह, प्रेमचंद ध्यानी, इंद्रमोहन चमोली सहित अनेक स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *