पाबौ में भूकंप मॉक ड्रिल के जरिए विद्यार्थियों को सिखाए आपदा से बचाव के तरीके
राज्य आपदा प्रबंधन दिवस पर राजकीय उत्कृष्ट इंटर कॉलेज में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित, 100 से अधिक शिक्षक-शिक्षार्थियों ने किया प्रतिभाग
पौड़ी। राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर शनिवार को राजकीय उत्कृष्ट इंटर कॉलेज, पाबौ में जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में 100 से अधिक शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यार्थियों को भूकंप सहित विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से बचाव और आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए।

कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर किशन सिंह पंवार ने कहा कि आपदा के समय घबराने के बजाय सूझबूझ और सतर्कता से काम लेना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने, स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जरूरतमंदों की सहायता करने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण और नियमित अभ्यास आपातकाल में जान-माल के नुकसान को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
प्रशिक्षण के दौरान भूकंप आधारित मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं को भूकंप आने पर सुरक्षित स्थान पर पहुंचने, स्वयं का बचाव करने और भवन से सावधानीपूर्वक बाहर निकलने का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के तरीके भी बताए गए।
विद्यार्थियों ने उपलब्ध संसाधनों की मदद से इम्प्रोवाइज्ड स्ट्रेचर (अस्थायी स्ट्रेचर) तैयार किया और घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का व्यावहारिक अभ्यास किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम सिंह सहित शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

