स्वास्थ्य केंद्रों में लापरवाही पर डीएम सख्त, बिना अनुमति छुट्टी पर मिले चिकित्साधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश
सीएचसी पैठाणी का किया औचक निरीक्षण, एंबुलेंस में दवाओं और उपकरणों की कमी पर संचालक को नोटिस
पौड़ी। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग पर सख्ती दिखाई है। शुक्रवार को जिलाधिकारी ने होम्योपैथिक चिकित्सालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पैठाणी का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता और अस्पतालों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

होम्योपैथिक चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी बिना पूर्व अनुमति के अवकाश पर मिले। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए उनका स्पष्टीकरण तलब करने और वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही जिला होम्योपैथिक अधिकारी को नियमित निगरानी करने को कहा। उन्होंने दवाओं के स्टॉक और एक्सपायरी तिथि की जांच करते हुए स्टॉक रजिस्टर को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
सीएचसी पैठाणी में जिलाधिकारी ने ओपीडी, जनरल वार्ड, महिला वार्ड, पैथोलॉजी लैब और लेबर रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई बनाए रखने, बेडशीट नियमित बदलने, स्वास्थ्य परीक्षणों की दर सूची चस्पा करने और चिकित्सकों के संपर्क नंबर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। भवन और आवासों की स्थिति देखते हुए आवश्यक मरम्मत के प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान दवाओं के रखरखाव और स्टॉक प्रबंधन में पारदर्शिता बरतने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि दवाओं की उपलब्धता, स्टॉक में दर्ज विवरण और एक्सपायरी तिथि की नियमित निगरानी होनी चाहिए। लापरवाही मिलने पर संबंधित मेडिकल ऑफिसर और प्रभारी चिकित्साधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने सीएमओ को चिकित्सकों के अवकाश का निर्धारण रोस्टर के अनुसार करने और प्रत्येक माह स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
वहीं, स्वास्थ्य केंद्रों में पेयजल आपूर्ति की समस्या का भी समाधान कराया गया है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में पेयजल की कमी की समस्या जिलाधिकारी के संज्ञान में लाई थी। इसके बाद जिलाधिकारी की पहल पर स्वास्थ्य केंद्रों में पेयजल आपूर्ति सुचारू कराई गई। व्यवस्था बहाल होने पर चिकित्साधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने उनका आभार जताया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव की कम संख्या पर जिलाधिकारी ने चिंता जताते हुए गर्भवती महिलाओं की संभावित प्रसव तिथि की सूची तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रसव से करीब दो माह पहले संबंधित महिला चिकित्सा अधिकारी गर्भवती महिलाओं से नियमित संवाद स्थापित करें, ताकि समय पर स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षित प्रसव की तैयारियां की जा सकें।
जिलाधिकारी ने 108 आपातकालीन एंबुलेंस का भी निरीक्षण किया। इस दौरान दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था में कमी मिलने पर संबंधित एंबुलेंस संचालक को नोटिस जारी किया गया। उन्होंने सीएमओ को जिले की सभी एंबुलेंसों की जांच तीन दिन के भीतर पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही इमरजेंसी मेडिकल तकनीशियन से आपातकालीन स्थिति में मरीजों को दी जाने वाली प्राथमिक चिकित्सा और उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन को समय पर सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, नायब तहसीलदार सुदामा सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

