रानी लक्ष्मीबाई नारी शक्ति, साहस और राष्ट्रभक्ति की अमर प्रतीक : स्वामी चिदानंद सरस्वती
जयंती पर परमार्थ निकेतन ने वीरांगना को अर्पित की श्रद्धांजलि, बेटियों को निर्भीक और आत्मनिर्भर बनाने का दिया संदेश
ऋषिकेश। वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर परमार्थ निकेतन में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। परमार्थ पीठाधीश्वर स्वामी चिदानंद सरस्वती ने रानी लक्ष्मीबाई को नारी शक्ति, आत्मसम्मान, अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति की अमर प्रतीक बताते हुए कहा कि उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई भारत की आत्मा में जीवंत एक विचार हैं। उन्होंने अपने अदम्य साहस, शौर्य और आत्मविश्वास से साबित किया कि मातृभूमि के प्रति प्रेम और संकल्प की दृढ़ता हो तो बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना किया जा सकता है। विदेशी हुकूमत के विरुद्ध उनका संघर्ष केवल सत्ता या अधिकारों की लड़ाई नहीं, बल्कि भारत की अस्मिता, स्वतंत्रता और स्वाभिमान की रक्षा का महान संकल्प था।
उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई ने ऐसे दौर में अपनी वीरता और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया, जब महिलाओं के लिए सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में अनेक सीमाएं थीं। उन्होंने अपने पराक्रम से इन सीमाओं को चुनौती देते हुए साबित किया कि नारी केवल परिवार और समाज की आधारशिला ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, नेतृत्व और परिवर्तन की भी सशक्त शक्ति है।
स्वामी चिदानंद ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए रानी लक्ष्मीबाई जैसी वीरांगनाओं के जीवन से प्रेरणा लेना आवश्यक है। विशेषकर देश की बेटियों को उनके जीवन से आत्मविश्वास, निर्भीकता, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के गुण सीखने चाहिए। बेटियों को अवसर, संस्कार और विश्वास मिले तो वे हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकती हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति में नारी को शक्ति, सृजन, करुणा और चेतना का स्वरूप माना गया है। महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। रानी लक्ष्मीबाई का जीवन इसी शक्ति और स्वाभिमान का जीवंत उदाहरण है।
स्वामी चिदानंद सरस्वती ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि इतिहास केवल पढ़ने के लिए नहीं, बल्कि उससे प्रेरणा लेकर वर्तमान को बेहतर बनाने और भविष्य का निर्माण करने के लिए है। देश में ऐसा वातावरण बनाना होगा, जहां हर बेटी निर्भय होकर अपने सपनों को साकार कर सके, युवा राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझें और प्रत्येक नागरिक में सेवा, एकता, समरसता एवं सद्भाव का भाव हो। यही वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

