पौड़ी

जनगणना की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा, स्वगणना के लिए लगेंगे विशेष शिविर

फॉर्मर रजिस्ट्री के शत-प्रतिशत पंजीकरण के लिए अगले 15 दिनों तक चलेगा विशेष अभियान

पौड़ी। जनगणना की तैयारियों और स्वगणना की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने जनगणना के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के साथ ही स्वगणना के व्यापक प्रचार-प्रसार और आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वगणना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए राजनीतिक दलों का सहयोग लिया जाए तथा विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वगणना की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से संचालित कराने के निर्देश दिए। साथ ही चार्ज अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को जमीनी स्तर पर कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिए कि चार्ज अधिकारी प्रतिदिन सुपरवाइजरों से फीडबैक लेकर स्वगणना की प्रगति की समीक्षा करें। सभी हाउस लिस्टिंग ब्लॉक को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और उनके व्यवस्थित संग्रहण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। बैठक में अधिकारियों को दिए गए प्रशिक्षण और जनगणना की तैयारियों की जानकारी भी ली गई।

वहीं, फॉर्मर रजिस्ट्री एवं एग्री स्टैक अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत किसान पंजीकरण के लिए आगामी 15 दिनों तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायती राज, कृषि, उद्यान, राजस्व, सहकारिता और ग्राम्य विकास विभाग को आपसी समन्वय से अभियान में तेजी लाने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन किसानों का पंजीकरण आसानी से किया जा सकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पंजीकृत किया जाए। तकनीकी त्रुटियों के कारण आ रही समस्याओं का संबंधित स्तर पर समाधान कराया जाए। पोर्टल पर आईडी बनाए गए कार्मिक अपनी जिम्मेदारी के अनुसार पंजीकरण कार्य अनिवार्य रूप से पूरा करें। सभी विभाग अपने कार्मिकों की सूची तैयार कर प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करें और नियमित समीक्षा करें।

उन्होंने ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा राजस्व उपनिरीक्षकों को पोर्टल के माध्यम से प्रविष्टियां कर अधिकाधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही फील्ड स्तर पर बेहतर समन्वय और सही रिपोर्टिंग पर जोर दिया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, जिला प्रभारी जनगणना शिव कुमार, जिला शिक्षाधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट, जिला आपदा पर्यटन अधिकारी दीपेश काला, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित सभी तहसीलदार, चार्ज अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *