शरदोत्सव में वार्ड-01 ने जीता फुटबॉल खिताब, रस्साकशी में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
फुटबॉल फाइनल में वार्ड-11 को 3-1 से दी शिकस्त, रंगोली, वाद-विवाद और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं में भी दिखी प्रतिभा
पौड़ी। नगर पालिका परिषद पौड़ी की ओर से आयोजित शरदोत्सव-2026 के तहत बुधवार को विभिन्न खेल एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। रंगोली, रस्साकशी, वाद-विवाद और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। वहीं, कंडोलिया मैदान में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में वार्ड संख्या-01 की टीम ने वार्ड संख्या-11 को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला वार्ड संख्या-01 और वार्ड संख्या-11 के बीच खेला गया। मुकाबले का शुभारंभ पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जसपाल सिंह नेगी ने फुटबॉल को किक मारकर किया। रोमांचक मुकाबले में वार्ड-01 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-1 से जीत दर्ज की। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी, अधिशासी अधिकारी संजय कुमार सहित सभासद एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
वहीं, डीएवी इंटर कॉलेज पौड़ी में आयोजित रस्साकशी प्रतियोगिता में जूनियर एवं सीनियर वर्ग के बालक-बालिकाओं के साथ ओपन महिला और पुरुष वर्ग के प्रतिभागियों ने दमखम दिखाया। जूनियर बालक वर्ग में सेंट थॉमस स्कूल पौड़ी ने प्रथम तथा बीआरएमएस स्कूल पौड़ी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालिका वर्ग में बीआरएमएस स्कूल पौड़ी विजेता और हिल्स इंटरनेशनल स्कूल उपविजेता रहा।
सीनियर बालक वर्ग में सेंट थॉमस स्कूल पौड़ी ने केंद्रीय विद्यालय पौड़ी को हराकर प्रथम स्थान हासिल किया। सीनियर बालिका वर्ग में बीआरएमएस स्कूल पौड़ी ने हिल्स इंटरनेशनल स्कूल को पराजित कर बाजी मारी। वहीं, ओपन पुरुष वर्ग में बादशाह-11 की टीम विजेता और नरदेव-11 की टीम उपविजेता रही। ओपन महिला वर्ग में पराज इंस्टीट्यूट पौड़ी ने प्रथम तथा वार्ड संख्या-03 की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
शरदोत्सव के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों, युवाओं और स्थानीय प्रतिभागियों को अपनी खेल, रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। प्रतियोगिताओं में स्थानीय लोगों और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिल रही है।

