पौड़ी

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर पौड़ी में 74,060 बच्चों को खिलाई गई एल्बेंडाजोल की दवा

25 नवंबर को होगा मॉपअप दिवस, अभियान में दवा खाने से छूटे बच्चों को दिया जाएगा एक और मौका

पौड़ी। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर बुधवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाई गई। अभियान के तहत जिले में कुल 74,060 बच्चों को दवा दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ आदर्श मॉडर्न स्कूल प्रेमनगर और इंटर कॉलेज मैसमोर पौड़ी में बच्चों को दवा खिलाकर किया गया। दोनों विद्यालयों में कुल 144 छात्र-छात्राओं को कृमिनाशक दवा दी गई।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि अभियान के दौरान दवा खाने से छूटे बच्चों को 25 नवंबर को आयोजित होने वाले मॉपअप दिवस पर एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। ऐसे में बच्चों को कृमिनाशक दवा देना बेहद जरूरी है।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने अभियान के दौरान बच्चों को कृमि संक्रमण से होने वाले नुकसान और कृमिनाशक दवा के महत्व की जानकारी भी दी। उन्होंने अभियान के सफल आयोजन के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों और विद्यालय प्रशासन का आभार जताया।

इस अवसर पर इंटर कॉलेज मैसमोर के प्रधानाचार्य अरुण नैथानी, डॉ. योगेंद्र सिंह, आरकेएसके मैनेजर मनमोहन पटवाल, आरबीएसके मैनेजर निम्मी कुकरेती, शुभम रावत, वैजयंती रावत सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *