स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर कोटद्वार में विशेष जांच अभियान, 15 वाहनों के चालान, एक सीज
स्कूल बसों और वैन की फिटनेस, सीसीटीवी, जीपीएस सहित सुरक्षा उपकरणों की जांच में मिलीं कई खामियां
कोटद्वार। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कोटद्वार में स्कूल बसों, स्कूल वैन और बच्चों के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले अन्य वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों पर 16 से 22 नवंबर तक संचालित इस अभियान के दौरान वाहनों की तकनीकी स्थिति, फिटनेस और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। जांच में विभिन्न कमियां पाए जाने पर 15 वाहनों के चालान किए गए, जबकि फिटनेस समाप्त होने पर एक वाहन को सीज कर दिया गया।

जांच के दौरान कुछ वाहनों की फिटनेस अवधि समाप्त पाई गई, जबकि कई वाहनों में सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध नहीं थे। इसके अलावा बीमा प्रमाणपत्रों में कमियां, खराब सीटें तथा जीपीएस और एसएलडी उपकरणों का अभाव भी सामने आया। जांच टीम ने स्कूलों में संचालित वाहनों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की।
फिटनेस समाप्त होने के कारण सीज किए गए वाहन में सवार सभी बच्चों को सुरक्षित रूप से दूसरी बस में स्थानांतरित किया गया, ताकि उनकी आवाजाही प्रभावित न हो और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों के परिवहन में लगे वाहनों का संचालन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे बचपन से ही यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनें और अपने परिवार एवं समाज को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सकें।
अभियान में न्यायाधीश प्रज्ञा तिवारी, एआरटीओ अमित कुमार, सीओ अस्मिता ममगाईं, आरआई टेक्निकल विकास कुमार सहित परिवहन विभाग की टीम शामिल रही।

