प्रकृति के साथ सामंजस्य ही स्वास्थ्य, संतुलन और समृद्धि का मार्ग: स्वामी चिदानन्द सरस्वती
राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस एवं अक्षय नवमी पर परमार्थ निकेतन से दिया प्रकृति संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश
ऋषिकेश। राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस एवं अक्षय नवमी के पावन अवसर पर परमार्थ निकेतन के पीठाधीश्वर स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रकृति के संरक्षण, प्राकृतिक चिकित्सा और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति केवल हमारे जीवन का आधार नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, चेतना, स्वास्थ्य और आध्यात्मिक जीवन की मूल प्रेरणा है। प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करना ही स्वस्थ, संतुलित और समृद्ध जीवन का मार्ग है।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि भारतीय संस्कृति में स्वास्थ्य को केवल रोगों की अनुपस्थिति नहीं, बल्कि शरीर, मन, आत्मा और प्रकृति के बीच सामंजस्य के रूप में देखा गया है। हमारे ऋषि-मुनियों ने हजारों वर्ष पहले ही समझ लिया था कि मानव जीवन प्रकृति से अलग नहीं, बल्कि उसका अभिन्न अंग है। शुद्ध आहार, पर्याप्त जल सेवन, योग, प्राणायाम और ध्यान को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जिया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय दर्शन का पंचमहाभूत सिद्धांत पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश के संतुलन को जीवन का आधार मानता है। जब इन तत्वों का संतुलन बना रहता है, तब जीवन में स्वास्थ्य, ऊर्जा और सहजता बनी रहती है। प्राकृतिक चिकित्सा भी प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने और शरीर की स्वाभाविक संतुलन क्षमता का सम्मान करने की प्रेरणा देती है।
स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि आज अनियमित दिनचर्या, असंतुलित खानपान, मानसिक तनाव, प्रदूषण और प्रकृति से बढ़ती दूरी के कारण अनेक स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां सामने आ रही हैं। ऐसे समय में योग, प्राणायाम, ध्यान, संतुलित एवं सात्त्विक आहार, स्वच्छ जल, पर्याप्त विश्राम और सूर्य के प्रकाश का उचित उपयोग जीवन में विशेष महत्व रखते हैं।
अक्षय नवमी, जिसे आंवला नवमी भी कहा जाता है, भारतीय संस्कृति में प्रकृति वंदन, वृक्ष संरक्षण, सेवा और दान का विशेष पर्व है। इस दिन आंवले के वृक्ष की पूजा एवं सेवा की परंपरा है। आंवले को आयुर्वेद में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है और यह भारतीय पारंपरिक आहार एवं औषधीय ज्ञान का अहम हिस्सा रहा है।
उन्होंने कहा कि वृक्षों की पूजा के साथ उनके संरक्षण का संकल्प लेना भी जरूरी है। पूजा और प्रदूषण साथ-साथ नहीं चल सकते। यदि हम प्रकृति को पूजते हैं तो नदियों को स्वच्छ रखना, जल का संरक्षण करना, वायु प्रदूषण कम करना और अधिक से अधिक वृक्ष लगाना भी हमारी जिम्मेदारी है।
स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम ऐसा जीवन जीने का संकल्प लें, जिसमें स्वास्थ्य के साथ संवेदना, आस्था के साथ उत्तरदायित्व और विकास के साथ प्रकृति संरक्षण भी शामिल हो। उन्होंने लोगों से घरों में औषधीय पौधे लगाने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने, नदियों को स्वच्छ रखने और वृक्षों की रक्षा करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रकृति स्वस्थ होगी तो मानवता स्वस्थ होगी और धरती सुरक्षित होगी तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी सुरक्षित रहेगा।

