पौड़ी

बैंकों को सीडी रेशियो बढ़ाने और लंबित ऋण आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

बैकुंठ चतुर्दशी मेले में स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं और किसान क्रेडिट कार्ड की जानकारी देंगे बैंक

पौड़ी। विकास भवन स्थित वीसी कक्ष में गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति (डीसीसी) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीएलआरसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंकिंग गतिविधियों, वार्षिक ऋण योजना 2026-27, ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) और केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने बैंक अधिकारियों को ऋण-जमा अनुपात में सुधार लाने और ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से भारतीय स्टेट बैंक और पंजाब नेशनल बैंक को सीडी रेशियो बढ़ाने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत हासिल करने के लिए पात्र लाभार्थियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही लंबित ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में कृषि, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) सहित अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में ऋण वितरण की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, केंद्र सरकार की बीमा योजनाओं, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना और होम स्टे योजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई। सीडीओ ने स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बैंकों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।

आगामी बैकुंठ चतुर्दशी मेले को लेकर सीडीओ ने सभी बैंकों को स्टॉल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) और बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी देकर जागरूक किया जाए। इसके साथ ही यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और डिजिटल भुगतान को भी प्रोत्साहित किया जाए।

बैठक में परियोजना निदेशक विवेक कुमार उपाध्याय, लीड बैंक अधिकारी किशन सिंह रावत, भारतीय रिजर्व बैंक के लीड डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर भारत आनंद, आरटीसी निदेशक आशुतोष ममगाईं, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड हिमांक शर्मा सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *