स्वर्गाश्रम में 21 नवंबर से तीन दिवसीय इंडस्ट्री वेलनेस एक्सपो, देवभूमि पिचाथॉन में स्टार्टअप्स को मिलेगा निवेश का अवसर
निवेशकों के सामने अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर सकेंगे उद्यमी, आयुष, वेलनेस और मेडिकल टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा
पौड़ी। उत्तराखण्ड में उद्यमिता, नवाचार और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वर्गाश्रम में 21 से 23 नवंबर तक तीन दिवसीय इंडस्ट्री वेलनेस एक्सपो एवं देवभूमि पिचाथॉन-2026 का आयोजन किया जाएगा। जिला उद्योग केन्द्र, कोटद्वार की ओर से यमकेश्वर स्थित परमार्थ निकेतन घाट हॉल में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश के उद्यमियों, स्टार्टअप्स, निवेशकों और उद्योग विशेषज्ञों को एक साझा मंच मिलेगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तराखण्ड के आयुष एवं वेलनेस उद्योगों के उत्पादों और सेवाओं को व्यापक पहचान दिलाने के साथ ही वेलनेस एवं मेडिकल टूरिज्म, समग्र स्वास्थ्य, पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और स्थानीय हस्तशिल्प उत्पादों को प्रोत्साहित करना है। इसके माध्यम से प्रदेश के उत्पादों को देश-विदेश के पर्यटकों और नए बाजारों से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा।
आयोजन का मुख्य आकर्षण देवभूमि पिचाथॉन-2026 रहेगा। इसमें स्टार्टअप्स और उद्यमियों को अपने नवाचार, उत्पादों और व्यावसायिक परियोजनाओं को उद्योग विशेषज्ञों एवं संभावित निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। चयनित उत्कृष्ट परियोजनाओं को निवेश के माध्यम से वित्तीय सहयोग मिलने की भी संभावना है। इसके लिए एसआरआई फंड, नई दिल्ली सहित विभिन्न प्रमुख संस्थागत वित्तीय संस्थाओं को आमंत्रित किया गया है।
एक्सपो में आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, वेलनेस, मेडिकल टूरिज्म, हर्बल एवं ऑर्गेनिक उत्पाद, हेल्थटेक, टेलीमेडिसिन, डिजिटल हेल्थकेयर, फिटनेस, मेडिकल डिवाइस, पारंपरिक हस्तशिल्प और एक जनपद एक उत्पाद सहित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उत्तराखण्ड में नया उद्योग स्थापित करने, मौजूदा इकाई का विस्तार करने अथवा व्यवसाय में विविधीकरण करने के इच्छुक उद्यमी इसमें प्रतिभाग कर सकते हैं। इसके अलावा बाजार के लिए तैयार उत्पादों और व्यवहार्य परियोजना प्रस्तावों वाले शुरुआती एवं ग्रोथ स्टेज के स्टार्टअप्स भी आवेदन कर सकेंगे।
प्रतिभागियों को निवेशकों के समक्ष सीधे अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने, संभावित फंडिंग प्राप्त करने, उद्योग विशेषज्ञों से संपर्क स्थापित करने और व्यावसायिक साझेदारी विकसित करने का अवसर मिलेगा। चयनित परियोजनाओं को जिला उद्योग केन्द्र के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर विभागीय सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही राज्य सरकार की विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं, सब्सिडी और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस से संबंधित जानकारी दी जाएगी।
जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग ने इच्छुक उद्यमियों एवं स्टार्टअप्स से इस आयोजन का लाभ उठाने की अपील की है। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए इच्छुक आवेदक www.udyamgrowth.com पर ऑनलाइन आवेदन एवं पंजीकरण कर सकते हैं।

