पौड़ी

पैठाणी के पौराणिक राहु मंदिर को मिलेगा भव्य स्वरूप, विकास कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण

दूसरे चरण में राहु शिला क्षेत्र का होगा विकास, बनेगा घाट; श्रद्धालुओं के लिए जुटेंगी आधुनिक सुविधाएं

पौड़ी। पैठाणी स्थित पौराणिक राहु मंदिर को धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता के अनुरूप भव्य स्वरूप देने की कवायद तेज हो गई है। मंदिर परिसर को पारंपरिक पौराणिक शैली में विकसित करने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराए जा रहे हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गुरुवार को मंदिर परिसर का निरीक्षण कर अब तक हुए कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर समिति, स्थानीय ग्रामीणों और अधिकारियों के साथ विकास कार्यों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मंदिर का विकास उसकी पौराणिक पहचान, पारंपरिक वास्तुशैली और धार्मिक गरिमा को ध्यान में रखकर किया जाए, ताकि इसे विशिष्ट तीर्थस्थल के रूप में विकसित किया जा सके।

डीएम ने मंदिर में नवनिर्मित कक्षों पर प्रतीक्षालय, पूजा हॉल सहित अन्य नाम पट्टिकाएं लगाने, प्रथम तल पर पूजा कक्ष को व्यवस्थित करने और भवन के पीछे की दीवार पर पत्थर लगाने का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल व्यवस्था बेहतर बनाने को वाटर प्यूरीफायर लगाने और सार्वजनिक शौचालय निर्माण पर भी जोर दिया। उन्होंने मंदिर के प्रवेश द्वार को भव्य स्वरूप देने, रेलिंग का सौंदर्यीकरण करने, भवन की फिनिशिंग सुधारने तथा प्रवेश और निकास मार्गों पर संकेतक लगाने को कहा।

मंदिर परिसर में आध्यात्मिक वातावरण को और आकर्षक बनाने के लिए डेकोरेटिव पोल लगाए जाएंगे। इनमें ध्वनि प्रणाली की व्यवस्था होगी, जिसके माध्यम से धार्मिक संगीत और भजनों का प्रसारण किया जाएगा। साथ ही मुख्य मंदिर और परिसर स्थित अन्य मंदिरों की संरचनात्मक मजबूती सुनिश्चित करने तथा पुरातत्व विभाग के माध्यम से विशेष रासायनिक प्रक्रिया से उनकी सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए।

मंदिर विकास के दूसरे चरण में राहु शिला क्षेत्र को तीर्थाटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। इसके तहत घाट निर्माण, मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग पर स्थित पुल में सुरक्षा जाली लगाने, राहु शिला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था मजबूत करने और पर्याप्त कूड़ेदान स्थापित करने जैसे कार्य प्रस्तावित हैं। मंदिर के पीछे रसोई एवं भंडार कक्ष का निर्माण करने पर भी चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने कहा कि मंदिर में धार्मिक गतिविधियों के सुचारू संचालन और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए पुजारियों का पंजीकरण कराया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना की व्यवस्थित सुविधा मिलने के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे।

उन्होंने कहा कि राहु मंदिर का सुनियोजित विकास पैठाणी क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी तथा स्थानीय व्यापार, स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर विकसित होंगे। विकास कार्यों में स्थानीय लोगों, मंदिर समिति और व्यापार संघ के सुझावों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

इस दौरान ग्रामीणों और व्यापार संघ के सदस्यों ने पैठाणी बाजार में शौचालय तथा डंपिंग जोन विकसित करने का सुझाव रखा। जिलाधिकारी ने शौचालय निर्माण पर सहमति जताते हुए उसके नियमित संचालन और रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य शिवचरण नौडियाल, मंदिर समिति अध्यक्ष विनोद सिंह रावत, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, सहायक अभियंता जगदीश नेगी, नायब तहसीलदार सुदामा सिंह रावत सहित मंदिर समिति, व्यापार संघ के सदस्य और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *