कोटद्वार में एक दिसंबर को लगेगा मेगा रोजगार मेला, 40 से अधिक कंपनियां देंगी नौकरी के अवसर
हाईस्कूल से स्नातक और तकनीकी योग्यता वाले युवा कर सकेंगे प्रतिभाग, करियर काउंसलिंग सेमिनार भी होगा आयोजित
पौड़ी/कोटद्वार। प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी एक दिसंबर को कोटद्वार में मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से जिला प्रशासन के सहयोग से यह मेला डॉ. पीताम्बर दत्त बड़थ्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित होगा। मेले में 40 से अधिक कंपनियां प्रतिभाग कर युवाओं को उनकी शैक्षिक एवं तकनीकी योग्यता के अनुरूप नौकरी के अवसर प्रदान करेंगी। इसमें केवल उत्तराखंड के युवा ही प्रतिभाग कर सकेंगे।

जिला सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में आयोजित होने वाले इस रोजगार मेले में विनिर्माण क्षेत्र, सिडकुल की औद्योगिक इकाइयों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों, होटल एवं हॉस्पिटैलिटी, रिटेल और मॉल सहित विभिन्न निजी क्षेत्रों की कंपनियां शामिल होंगी। कंपनियों के प्रतिनिधि अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर अपनी आवश्यकतानुसार चयन प्रक्रिया पूरी करेंगे।
उन्होंने बताया कि हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा, स्नातक एवं परास्नातक के साथ ही तकनीकी और गैर तकनीकी योग्यता रखने वाले युवा रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। मेले के दौरान युवाओं को रोजगार संबंधी मार्गदर्शन देने के लिए करियर काउंसलिंग सेमिनार का भी आयोजन किया जाएगा।
रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। आगामी एक-दो दिनों में पंजीकरण लिंक, क्यूआर कोड और प्रतिभाग करने वाली कंपनियों का विवरण आधिकारिक रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध करा दिया जाएगा। इच्छुक युवा **www.rojgarprayag.uk.gov.in** पर जाकर पंजीकरण और अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी अपने साथ अद्यतन बायोडाटा, शैक्षिक एवं तकनीकी योग्यता के प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज अवश्य लेकर आएं।

