स्कूल बसों का किया गया सघन निरीक्षण, बच्चों की सुरक्षा के लिए जांचे मानक
पौड़ी। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को परिवहन विभाग एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने स्कूल बसों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान बसों के दस्तावेजों, तकनीकी स्थिति और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच कर विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन चालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) नाज़िश कलीम की अध्यक्षता में यह अभियान राज्यव्यापी विशेष निरीक्षण कार्यक्रम के तहत संचालित किया गया। 16 से 22 नवंबर तक चलने वाले इस एक सप्ताह के अभियान का उद्देश्य स्कूली बच्चों के परिवहन को सुरक्षित बनाने के साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।
निरीक्षण के दौरान स्कूल बसों के पंजीकरण प्रमाण-पत्र, फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की गई। इसके अलावा बसों में अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटिका, आपातकालीन निकास सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता भी परखी गई।
इस दौरान वाहन चालकों और विद्यालय प्रबंधन को मोटर वाहन अधिनियम, 1988 तथा केंद्रीय मोटर वाहन नियमावली, 1989 के प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाने, गति सीमा का पालन करने तथा ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग से बचने को कहा गया। साथ ही बसों की फिटनेस और तकनीकी स्थिति दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने चालकों को यातायात संकेतों एवं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा बच्चों को बस में चढ़ाते और उतारते समय विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और वाहन चालकों को बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रखने के प्रति जागरूक भी किया।
निरीक्षण अभियान में आरटीओ विमल पाण्डेय, एआरटीओ पौड़ी मंगल सिंह, आरआई पौड़ी विपिन रावत, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कमल प्रसाद बमराड़ा तथा अधिकार मित्र विनीता चौधरी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

